भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की टीम फाइनल, इन नामों को मिल सकती है जगह

उत्तराखंड भाजपा के सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आ रही है। नए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की टीम के नाम फाइनल हो चुके हैं। वे इसका ऐलान जल्द कर सकते हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश अध्यक्ष भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार के साथ ही प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी के साथ दो दौर की बैठक की। सूत्रों के अनुसार एक.एक नाम पर चर्चा करने के बाद पार्टी के प्रांतीय पदाधिकारियों के नाम फाइनल कर दिए गए। इसमें प्रदेश अध्यक्ष भट्ट की पसंद के साथ ही युवा और नए चेहरों को महत्व दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के दिल्ली से बाहर होने के कारण सोमवार को सूची जारी नहीं की जा सकी। मंगलवार को राष्ट्रीय कार्यालय से सूची प्रदेश अध्यक्ष भट्ट को मेल से भेजे जाने की संभावना है। चर्चा है कि प्रदेश महामंत्री पद पर खिलेंद्र चौधरी, राजेंद्र बिष्ट, आदित्य कोठारी, उपाध्यक्ष पद पर नीरू देवी, कैलाश शर्मा, आदेश चौहान, मीना गंगोला, बलवंत भौंर्याल के नाम शामिल किए गए हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए दो नाम तय किए गए हैं। इसके अलावा महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर आशा नौटियाल व सुषमा रावत में से किसी एक को जिम्मेदारी दी जा सकती है। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष पर शशांक रावत का नाम तय माना जा रहा है।

