अमोड़ी में ‘हाऊस ऑफ हिमालयाज’ विपणन केंद्र के लिए ₹49.82 लाख स्वीकृत
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप जनपद चम्पावत को आत्मनिर्भर आर्थिकी की दिशा में एक और बड़ी सौगात मिली है। अमोड़ी में प्रस्तावित ‘हाऊस ऑफ हिमालयाज’ विपणन केंद्र की स्थापना के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ₹49.82 लाख की अवशेष धनराशि को शासन द्वारा वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
यह केंद्र स्थानीय काश्तकारों, स्वयं सहायता समूहों एवं शिल्पकारों के उत्पादों को एक संगठित और सशक्त बाजार उपलब्ध कराएगा। परियोजना की कुल लागत ₹159.82 लाख आंकी गई है, जिसमें से ₹60.00 लाख ‘रीप’ (REAP) परियोजना के अंतर्गत स्वीकृत हैं। उत्तराखंड कृषि विपणन बोर्ड (कार्यदायी संस्था) की तकनीकी स्वीकृति के उपरांत अब शेष ₹49.82 लाख की धनराशि भी स्वीकृत हो चुकी है, जिससे निर्माण कार्य को गति मिलेगी। ‘हाऊस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के अंतर्गत स्थापित होने वाला यह आधुनिक विपणन केंद्र पहाड़ी दालों, शहद, मसालों, हस्तशिल्प एवं अन्य जैविक उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगा। इससे उत्पादकों को बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उन्हें उनके उत्पादों का उचित मूल्य सीधे प्राप्त होगा।
चम्पावत–पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अमोड़ी में यह केंद्र पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा, जहां उन्हें शुद्ध, प्रमाणित एवं स्थानीय उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।

