महिला दिवस पर चम्पावत में 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित

चम्पावत। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शनिवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग चम्पावत द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर गोरल चौड़ मैदान के निकट ऑडिटोरियम हॉल चम्पावत में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि ईश्वर की सर्वोच्च रचना स्त्री है, जो अपने आप में सृजन की शक्ति रखती है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।



इस अवसर पर जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को डिटॉल इंडिया की तरफ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा उपस्थित लोगों को विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गई। इस दौरान 3 दिवसीय पोषण कार्यक्रम का भी समापन किया गया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र प्रसाद बिष्ट ने कहा कि यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ यानी जहां पर नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। इसके अलावा उनके द्वारा प्रजेंटेशन के माध्यम से देश में तेजी से घट रहे हैं लिंगानुपात पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में जनपद की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों समेत 150 से अधिक लोगों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
