प्रथम नवरात्र पर 60 हजार श्रद्धालुओं ने किए मां पूर्णागिरि के दर्शन
प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए हैं चाक चौबंध प्रबंध
टनकपुर/चम्पावत। चैत्र नवरात्र के पावन पर्व पर मां पूर्णागिरि धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ ही उत्तर प्रदेश के कासगंज, बरेली, बदायूं, लखीमपुर, लखनऊ, दिल्ली के दूर दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने मां पूर्णागिरि के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। तमाम दंपति एवं परिवार बच्चों के मुंडन संस्कार आदि करा रहे हैं। बताया जा रहा है कि अब तक 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किया है। तीर्थयात्रियों के आने का क्रम अब बढ़ रहा है। नवरात्र के प्रथम दिन पूर्णागिरि धाम में मां के दर्शन के लिए एक दिन पहले से ही श्रद्धालु पहुंच गए थे। रात्रि में चढ़ाई शुरू करने के साथ ही सुबह दर्शन किया। करीब एक किलोमीटर लंबी लाइन लगाकर श्रद्धालु दर्शन के लिए जा रहे हैं। जगह-जगह बैरिकेड कर श्रद्धालुओं को छोड़ा जा रहा है। देवी के दर्शन को दूर-दराज से देवी के डोले के साथ बसों, निजी वाहन और ट्रेनों, बाईकों के साथ भक्तों के आने का क्रम जारी है।
प्रशासन व मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पेयजल, पथ प्रकाश की व्यवस्था की है। सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात हैं। मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी ने बताया कि श्रद्धालुओं के आने का क्रम बढ़ रहा है। अब तक करीब 60 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रहेंगे। मेला मजिस्ट्रेट डॉक्टर ललित मोहन तिवारी ने बताया कि मेले में चैत्र नवरात्र के प्रथम दिवस पर 60 हजार श्रद्धालुओं ने देर शाम तक दर्शन किए हैं। मेले में जगह-जगह भीड़ नियंत्रण किए जाने के लिए कंट्रोल रूम एवं बैरिकेट्स के साथ पुलिस प्रशासन तैनात किया गया है।



यात्रियों की सुविधा के लिए जगह-जगह पूछताछ केंद्र बनाए गए हैं। मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरा भी लगाए गए हैं। पार्किंग क्षेत्र में लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला पंचायत द्वारा साफ सफाई विद्युत विभाग एवं जल संस्थान द्वारा विद्युत आपूर्ति एवं जगह-जगह यात्रियों के लिए पेयजल व्यवस्था की गई है एवं मेडिकल कैंप में डॉक्टरों की तैनाती सी गई है। तीनों चौकी इंचार्ज द्वारा मेला क्षेत्र में ग्रस्त कर यात्रियों को जागरूक भी किया जा रहा है एवं जेब कतरों पर भी निगरानी की जा रही है। वहीं टनकपुर एवं बूम शारदा घाट में भी भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस चौकी एवं साफ सफाई के लिए सफाई कर्मियों द्वारा सफाई व्यवस्था की जा रही है।



