टनकपुर : श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, बैराज मार्ग पर लगा जाम, वीडियो देखें…

टनकपुर/चम्पावत। मां पूर्णागिरि के दर्शनों के बाद नेपाल के ब्रह्मदेव स्थित सिद्ध बाबा के दर्शनों को जाने वाले श्रद्धालुओं को तांता लगा हुआ है। इस वजह से शारदा बैराज रोड पर आज रविवार को दोपहर के करीब 12 बजे भारी जाम लगा। कल शनिवार को मां पूर्णागिरि का मेला शुरू हो गया है। शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इसी के साथ ही मां के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का भारी संख्या में यहां पहुंचना शुरू हो गया है। पहले दिन 40—50 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मान्यता है कि मां पूर्णागिरि के दर्शनों के बाद नेपाल के ब्रह्मदेव स्थित सिद्ध बाबा के दर्शन करने जरूरी होते हैं। इसीलिए भारी संख्या में श्रद्धालु शारदा बैराज मार्ग से होते हुए ब्रह्मदेव आ जा रहे हैं। जिससे शारदा बैराज मार्ग पर खासा जाम लग रहा है। वैसे तो बैराज तक टुकटुक चलते हैं, लेकिन तमाम यात्री पैदल भी चले जाते हैं। बाइक व साइकिल से आने वाले यात्री अपने वाहनों से जाते हैं। जाम के चलते यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस प्रशासन ने यातायात किसी तरह सुचारू किया।


