भटवाड़ी में गंगोत्री हाईवे पर टला बड़ा हादसा, बाल बाल बची सवारियों की जान…
उत्तरकाशी। गंगोत्री हाईवे पर भटवाड़ी के पास एक बड़ा हादसा टल गया। हरिद्वार जा रही एक रोडवेज बस भूस्खलन जोन में फिसल गई। जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। किसी तरह बस चालक ने वहां से बस को निकाल लिया। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बारिश के चलते गंगोत्री हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। जिसके कारण यहां यात्रा जोखिम भरी है। चालक जान जोखिम में डाल कर सफर कर रहे हैं। वहीं डबरानी से आगे सातवें दिन भी गंगोत्री हाईवे नहीं खुल पाया। बीआरओ हाईवे खोलने के लिए युद्ध स्तर से काम कर रहा है। मंगलवार को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भटवाड़ी के पास हरिद्वार जा रही एक रोडवेज बस भूस्खलन जोन में फिसल गई। जिससे बस में बैठे लोग दहशत में आ गए। रोडवेज भटवाड़ी से हरिद्वार की ओर जा रही थी, तभी मार्ग पर जमा मलबा और फिसलन के कारण बस का पिछला टायर सड़क से बाहर लटक गया। जिससे स्थिति गंभीर हो गई। गनीमत रही कि उस समय कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। यात्रियों की जान बच गई।
बता दें पांच अगस्त को धराली क्षेत्र में खीर गंगा ने बड़ी तबाही मचाई। जिसके चलते गंगोत्री हाईवे जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया। बीआरओ ने गंगोत्री हाईवे को खोल तो दिया है, लेकिन अभी भी वाहनों के लिए फिसलन भरी आवाजाही बनी हुई है। जिससे वाहन चालक सहित स्थानीय लोग जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं। डबरानी से आगे गंगोत्री हाईवे सात दिन बाद भी नहीं खुल पाया। डबरानी से गंगोत्री हाईवे का करीब 250 मीटर हिस्सा बह रखा है। जिसे बीआरओ खोलने में जुटा हुआ है। आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसांई ने बताया डबरानी से आगे बीआरओ गंगोत्री हाईवे युद्ध स्तर पर काम कर रहा है। जल्द ही गंगोत्री हाईवे को सुचारू किया जायेगा।

