नवीनतमहरिद्वारहादसा

स्कूल परिसर में खड़ी बसों में लगी भीषण आग, दो वाहन जलकर हुए खाक, टला बड़ा हादसा

ख़बर शेयर करें -

अलीपुर गांव स्थित माउंट लिटेरा स्कूल परिसर में खड़ी दो स्कूल बसों में अचानक आग लग गई, रात होने के कारण बड़ा हादसा बचा

हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र के अलीपुर गांव स्थित माउंट लिटेरा स्कूल परिसर में खड़ी दो स्कूल बसों में अचानक आग लग गई। स्कूल परिसर में खड़ी बसों में देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई. कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके प्रयास से आग नहीं बुझ सकी। तत्काल फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे स्कूल परिसर में खड़ी एक बस से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। रात्रि में स्कूल में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने आग को देखा और तुरंत स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। इतने में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में खड़ी दूसरी बस में भी आग लग गई। दोनों बसें धू धू कर जलने लगीं।

इसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों बसों को काफी नुकसान पहुंच चुका था। गनीमत रही कि वक्त रहते आग को बुझा दिया गया, वरना पास में और भी बसें खड़ी थी। जिस वक्त आग बुझाने का प्रयास चल रहा था, उस समय पांच बसें भी एक लाइन में खड़ी थी।

तत्काल एक बस चालक ने सूझबूझ दिखाई और अन्य बसों को स्टार्ट करके सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया। इस तरह से अन्य बसों को आग लगने से बचाया गया। इस हादसे में कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन दो बसें पूरी तरह जल गईं। साथ ही गनीमत रही कि यह हादसा रात के वक्त हुआ, क्योंकि दिन में स्कूल में सैकड़ों बच्चे पढ़ते हैं। इसलिए पुलिस भी मामले की गहनता से जांच कर रही है। बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या अन्य कारण हो सकते हैं, वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

Ad Ad