महाकाली मंदिर से लौट रही युवती हादसे में हुई घायल
लोहाघाट/चम्पावत। गंगोलीहाट के प्रसिद्ध महाकाली मंदिर के दर्शन कर लौट रही क्षेत्र की एक युवती बाईक दुर्घटना का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उप जिला चिकित्सालय से सिटी स्कैन के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक ऊषा तड़ागी (21) निवासी तड़ाग बाराकोट आज शनिवार की सुबह अपने रिश्ते के भाई नवीन सिंह अधिकारी निवासी कोयाटी (लोहाघाट) के साथ गंगोलीहाट महाकाली मंदिर के दर्शनों के लिए गई थी। नवीन सिंह अधिकारी ने बताया लोहाघाट घाट राष्ट्रीय राजमार्ग में लीसा डिपो से आगे बसाना के पास वह बाइक रोककर फोन में बात कर रहा था। तभी ऊषा ने अचानक से बाइक स्टार्ट कर दी। बाइक के आगे बढ़ने से ऊषा छिटककर लगभग कर लगभग 60 फीट गहरी खाई में जा गिरी। सूचना पर सामंत होटल के स्वामी मदन सिंह सामंत मौके पर पहुंचे तथा अन्य लोगों की मदद से किसी तरह ऊषा को गहरी खाई से निकाल कर अपने वाहन से तत्काल लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया ।
दुर्घटना में युवती को काफी चोटे आई हैं। डॉ. बीना मलकानी ने युवती का उपचार किया। डॉक्टर बीना ने बताया युवती के सर व चेहरे पर चोटे लगी हुई हैं। सिटी स्कैन के लिए चम्पावत जिला चिकित्सालय रेफर किया जा रहा है। वहीं मदन सामंत के द्वारा दुर्घटना में घायल युवती की जान बचाने के लिए लोगों के द्वारा उनकी काफी सराहना की जा रही है। पूर्व में भी सामंत कई दुर्घटना में घायल लोगों की जान बचा चुके हैं।
