उत्तराखंड में निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज, चम्पावत में कैलाश अधिकारी ने पेश की दावेदारी

चम्पावत। प्रदेश में निकाय चुनाव जल्द होने वाले हैं। प्रदेश भर में नेता निकायों के मुखिया बनने को लेकर बेताब नजर आ रहे हैं। भाजपा ने तो निकाय चुनावों को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पिछले दिनों नेताओं का मन टटोलने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट चम्पावत जिले के भ्रमण पर पहुंचे। चम्पावत में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कैलाश सिंह अधिकारी ने उनके सामने चम्पावत पालिकाध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर दावेदारी पेश की।

कैलाश अधिकारी को उम्मीद है कि चम्पावत की सीट सामान्य वर्ग के लिए होगी। इस पर उन्होंने चेयरमैन पद के लिए दावेदारी पेश की। साथ ही अपना पक्ष प्रदेश अध्यक्ष के सामने रखा। कैलाश अधिकारी को उम्मीद है कि वे पार्टी से लंबे समय से जुड़े रहे हैं। उन्होंने पार्टी के लिए हमेशा समर्पित होकर कार्य किया। विभिन्न पदों पर रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन किया है। कैलाश अधिकारी भाजपा में वर्ष 2009 से 13 तक नगर उपाध्यक्ष व 2014 से 22 तक लगातार तीन बार नगर अध्यक्ष पद पर रहे। वर्ष 2023 में वे चम्पावत ग्रामीण मंडल एवं मंच तामली मंडल के प्रभारी रहे। इसके साथ ही वह ओबीसी मोर्चा के प्रभारी भी रहे। इसके बाद से वर्तमान तक वे जिला उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं। उनके पास टनकपुर मंडल का प्रभार भी है। उधर, बताया जाता है कि प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष चम्पावत की चेयरमैनी के लिए करीब एक दर्जन अन्य नेताओं ने भी टिकट की दोवदारी पेश की है।
