उत्तराखण्डराजनीति

इस्तीफा देने के बाद भाजपा के इस नेता ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी हल्द्वानी उत्तरी के मंडल अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने के बाद नवीन पन्त सहित अन्य पदाधिकारियों ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर आरोप लगाए हैं। पत्रकार वार्ता करते हुए नवीन पंत ने कहा है कि हल्द्वानी नगर निगम के मेयर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला और जिला अध्यक्ष प्रदीप बिष्ट और जिला महामंत्री प्रदीप जनोटी द्वारा उनकी अनदेखी और अनावश्यक हस्तक्षेप कर लगातार उत्पीड़न किया गया। पंत ने बताया कि हल्द्वानी उत्तरी मंडल में मंडल अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों का सबसे ज्यादा उत्पीड़न जिला महामंत्री प्रदीप जनोटी ने किया है। उन्होंने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया। लिहाजा हतोत्साहित होकर उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा है। लेकिन वह पार्टी में बने रहेंगे। पार्टी से उनकी कोई नाराजगी नहीं है पार्टी में विभिन्न पद पर बैठे लोगों से उनकी नाराजगी है। नवीन पंत ने कहा कि उन्होंने इसकी शिकायत जिलाध्यक्ष से की लेकिन जिला अध्यक्ष खुद विधानसभा चुनाव में व्यस्त हैं तो उन्होंने हमारे शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। मेयर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला खुद उनके मंडल पर गुपचुप तरीके से कुछ पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करते रहे।