चम्पावत : शपथ ग्रहण के बाद आनंद ने संभाली जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी

सीडीओ डा.खाती ने जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत सभी सदस्यों को शपथ दिलाई
चम्पावत। जिला मुख्यालय के जीजीआईसी सभागार में नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा सहित सभी जिला पंचायत सदस्यों ने शपथ ग्रहण की। सोमवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय रहे।

भाजपा नेता मोहित पाठक के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस सिंह खाती ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्य निर्मला महराना, सुनीता जोशी, मनीषा कालाकोटी, अनीता, सोनू बोहरा, आशा अधिकारी, सरस्वती चंद, हिमानी बोहरा, पुष्कर राम, अशोक सिंह, योगेश जोशी, शैलेश जोशी व कृष्णा जोशी को शपथ दिलाई। विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संदेश पढ़कर सुनाया। कहा कि सभी विकास की प्रकिया को आगे बढ़ाने, सरकार की ओर से चलाई जा योजनाओं को जनता तक पहुंचाने एवं आगामी पांच वर्षों में पंचायतों का सर्वांगीण विकास करने को एकजुट होकर कार्य करेंगे।


जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने कहा कि वह आने वाले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चम्पावत जिले को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेंगे। साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जो भी ऐतिहासिक विकास कार्य किए जा रहे हैं, उनको पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। कहा कि हम जिला पंचायत के सभी सदस्य एक टीम के तौर पर मिलकर कार्य करेंगे, ताकि चम्पावत जिले को सीएम की जो मॉडल जिले के रूप में विकसित करने की परिकल्पना है उसको साकार किया जा सके। जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और पूरे जिले में प्रत्येक गांव को विकास से जोड़ना प्राथमिकता में रहेगा। पर्यटन संभावनाओं को पूरा कर रोजगार के नए आयाम स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। शपथ ग्रहण के बाद सभी ने जिला पंचायत अध्यक्ष व सभी जिला पंचायत सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। जिला पंचायत अधिकारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा पदाधिकारियों व लोगों का आभार जताया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, ब्लाक प्रमुख अंचला बोहरा, बाराकोट की सीमा आर्या, लोहाघाट के प्रमुख महेंद्र ढेक, शंकर दत्त पांडेय, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडेय, दुग्ध संघ अध्यक्ष पार्वती देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, प्रकाश बिनवाल, सचिन जोशी, सुंदर सिंह बोहरा, गुमान सिंह, राजेंद्र लडवाल, योगेश मेहता, एएमए कमलेश बिष्ट आदि मौजूद रहे।

