क्राइमनवीनतमपिथौरागढ़

पहाड़ में चाची और चचेरे भाईयों ने युवक को मार डाला, शव को जंगल में पत्थर और मिट्टी से दबाया, पुलिस ने किया खुलासा

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जनपद के जौलजीबी क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। चाची और चचेरे भाइयों ने मिलकर एक वनराजी युवक की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपियों ने शव को जंगल में ले जाकर छिपा दिया, ताकि मामला सामने न आ सके। मृतक की पहचान धारचूला विकासखंड के किमखोला के भगतिरुवा तोक निवासी कुंदन सिंह रजवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 22 मार्च की शाम पड़ोस में रहने वाले आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव भी बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, 22 मार्च की शाम बसंती देवी, उसके पुत्र रमेश सिंह, जनक सिंह और प्रदीप सिंह ने कुंदन सिंह रजवार पर लोहे की पाइप और लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि कुंदन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने अगले दिन सुबह शव को घर से उठाकर झिपुखोला गधेरा के जंगल में ले जाकर पत्थरों और मिट्टी से ढक दिया। उनका मकसद था कि किसी को हत्या की भनक न लगे और मामला दबा रहे।

Ad Ad

23 मार्च को मृतक की पत्नी रेखा देवी ने जौलजीबी पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तगणों ने स्वीकार किया कि 22 मार्च की शाम को कुन्दन सिंह के साथ मारपीट के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के खुलासे के डर से उन्होंने प्रातः लगभग 07 बजे शव को आंगन से उठाकर जंगल क्षेत्र झिपुखोला गधेरा में पत्थरों एवं मिट्टी से छिपा दिया। अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा मृतक कुन्दन सिंह का शव घटनास्थल से लगभग 01 किमी दूर जंगल से बरामद किया गया। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया।
मामले में धारा 238 BNS की बढ़ोतरी करते हुए चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, एएसआई चन्द्रशेखर जोशी, महेश पन्त, हे०का० पूरन सिंह, का० महेश सिंह बोरा, का० ललित कुमार, का० मनोज मर्तोलिया, महिला हो०गा० ज्योति ऐरी शामिल रहीं।

Ad Ad