चम्पावत में आयोजित हुआ भारतीय जनता पार्टी का जिला प्रशिक्षण वर्ग

चम्पावत। भारतीय जनता पार्टी के तीन दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग जिला कार्यालय चम्पावत में शुरू हुआ। वर्ग की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने की। प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ मुख्य वक्ता सुरेश जोशी ने दीप प्रज्जवलित कर किया। मुख्य वक्ता ने भाजपा के इतिहास और विकास विषय पर विस्तार से चर्चा की। प्रशिक्षण वर्ग में जनसंघ से लेकर भाजपा के वर्तमान स्वरूप व भाजपा के ऐतिहासिक कार्य राम मंदिर का निर्माण, धारा 370 सहित तीन तलाक पर चर्चा हुई। द्वितीय सत्र में कॉपरेटिव बैंक के अध्यक्ष दान सिंह रावत ने विचार रखे तथा तृतीय सत्र में जिला अध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने व्यक्तित्व विकास पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस में प्रातः 5:30 से रात्रि 8:30 तक विभिन्न वर्गों में कार्यक्रम हुए। प्रातः 5:30 से 8:30 तक योग व शारीरिक व्यायाम, दिन के प्रथम सत्र में पूर्व दर्जा मंत्री प्रदेश उपाध्यक्ष केदार जोशी ने बदली परिस्थितियों में भाजपा के दायित्व पर प्रकाश डाला। पूर्व सांसद बलराज पासी ने भारतीय जनता पार्टी के उन्नत भारत के वैश्विक परिदृश्य पर विचार रखे। प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र ने संगठन संरचना में हमारी भूमिका, हमारी कार्यपद्धती व कार्यशैली कैसी होनी चाहिए इस पर प्रकाश डाला। पूर्व दर्जा राज्यमंत्री गोविंद पिलखवाल ने पिछले 8 वर्षों में भाजपा के अंतोदय प्रयत्न को विस्तार से बताया। कार्यक्रम के अगले सत्र पूर्व जिला अध्यक्ष रामदत्त जोशी ने 2014 के बाद भाजपा द्वारा युगांत कारी परिवर्तन के बारे में प्रकाश डाला। अंतिम सत्र में प्रदेश मंत्री पुष्कर काला ने आज के भारत की वैचारिक मुख्यधारा पर विचार रखे। प्रशिक्षण वर्ग में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

