भाजपा ने संकल्प दिवस के रूप में मनाई पंडित उपाध्याय की जयंती
चम्पावत। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 106वीं जयंती संकल्प दिवस के रूप में मनाई। उन्होंने गोरलचौड़ स्थित पंडित उपाध्याय की प्रतिमा पर सफाई अभियान चलाकर माल्यार्पण किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि एकात्म मानववाद व देश व गरीबों के प्रति उपाध्याय जी का प्रेम था। पंडित दीनदयाल उपाध्याय महान चिंतक और संगठनकर्ता थे। उन्होंने भारत की सनातन विचारधारा को युग के अनुसार प्रस्तुत करते हुए देश को एकात्मवाद जैसी प्रगतिशील विचारधारा दी। उनकी सोच थी कि समाज के अंतिम सोपान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान हो। अध्यक्षता करते हुए कार्यक्रम संयोजक पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी ने कहा कि पंडित दीनदयाल ने इस समाज को नई दिशा व चेतना दी। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता अंबादत्त फुलारा, नगर अध्यक्ष कैलाश अधिकारी, नगर महामंत्री रमेश भंडारी, कपिल खर्कवाल, भाजयुमो नगर अध्यक्ष गौरव पांडेय, प्रकाश नाथ, हरीश जोशी आदि मौजूद रहे।
