उत्तराखण्डक्राइमराजनीति

UKSSSC पेपर लीक कांड के मास्टर माइंड हाकम सिंह को भाजपा ने पार्टी से निकाला, कांग्रेस ने की सीबीआई जांच की मांग

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय परीक्षा में पेपर लीक मामले में पकड़े गए उत्तरकाशी के जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह रावत को भारतीय जनता पार्टी ने छह साल के लिए निकाल दिया है। पार्टी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देशों पर यह कार्रवाई की गई है।
पेपर लीक मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, इसमें उत्तरकाशी के जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता हाकम सिंह का नाम भी उछलने लगा। एसटीएफ ने पड़ताल की तो पता चला कि हाकम सिंह बैंकांक भाग गया था। एसटीएफ लगातार उस पर नजर बनाए हुए थे। उसे हिमाचल भागने का प्रयास करते हुए त्यूणी के आराकोट चेकपोस्ट से एसटीएफ ने शनिवार को हिरासत में ले लिया था। रविवार को गिरफ्तारी होने के साथ ही भाजपा ने भी हाकम सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है। उधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि उनकी पार्टी पहले ही दिन से इस मुद्दे पर लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस ने विधानसभा में मामला उठाने के साथ ही सचिवालय घेराव भी किया था। उन्होंने कहा कि पहले ही दिन से हम कह रहे हैं कि इस मामले में सरकार, उसके नेता, भ्रष्ट अधिकारी बड़े पैमाने पर शामिल हैं। हाकम सिंह एक छोटी सी चिड़िया है। उसकी सोशल मीडिया पर तमाम नेताओं और अधिकारियों के साथ तस्वीरें वायरल हो रही हैं। उसके रिजॉर्ट में नेता व अधिकारी ठहरते हैं, जिससे पता चलता है कि हाकम सिंह की पहुंच कहां तक है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें भाजपा के नेता भी शामिल हैं। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।

Ad