उत्तराखण्डनवीनतम

त्रिशूल चोटी आरोहण # एवलांच की चपेट में आए नौसेना के चार पर्वतारोहियों के शव बरामद

ख़बर शेयर करें -

उत्तरकाशी। त्रिशूल चोटी आरोहण के दौरान हिमस्खलन (एवलांच) की चपेट में आए नौसेना के पांच पर्वतारोहियों में से चार के शव आज बरामद कर लिए गए। अभी नौसेना का एक पर्वतारोही और पोर्टर लापता है। जिनके शव मिले हैं, उनकी पहचान लेफ्टिनेंट कमांडर रजनीकांत यादव, लेफ्टिनेंट कमांडर योगेश तिवारी, लेफ्टिनेंट कमांडर अनंत कुकरेती और हरिओम एमसीपीओ के रूप में हुई है। अलबत्ता, शनिवार सुबह ही रेस्क्यू आपरेशन से जुड़ी हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल गुलमर्ग (हवास) की पांच सदस्यीय टीम त्रिशूल पर्वत पर साढ़े पांच हजार मीटर ऊंचाई वाले इलाके में पहुंच गई। रविवार सुबह यह टीम रेकी में दिखे पर्वतारोहियों को रेस्क्यू करने के लिए आगे बढ़ेगी। हवास को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में रेस्क्यू आपरेशन की विशेषज्ञता हासिल है।
सीडीएस जनरल बिपिन रावत ने कहा कि त्रिशूल पर्वत पर अभियान के दौरान हिमस्खलन के कारण चार नौसेना पर्वतारोहियों के हताहत होने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर मैं गहरा दुख और संवेदना व्यक्त करता हूं। वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि… कल माउंट त्रिशूल की चढ़ाई के दौरान हिमस्खलन की चपेट में आए नौसेना के पांच लापता पर्वतारोहियों में से लेफ्टिनेंट कमांडर रजनीकांत यादव, लेफ्टिनेंट कमांडर योगेश तिवारी, लेफ्टिनेंट कमांडर अनंत कुकरेती एवं हरिओम एमसीपीओ के पार्थिव शरीर बरामद हुए हैं। ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि परिजनों को यह अपार कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Ad