उत्तराखण्डक्राइमदेहरादूननवीनतम

बेसबॉल बैट मारकर युवक की निर्मम हत्या, राजधानी देहरादून में एक और मर्डर

ख़बर शेयर करें -

POCSO एक्ट का आरोपी युवक दिगंबर धीमान 9 फरवरी से था लापता, परिजन कर रहे हैं तलाश

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बसंत विहार थाना क्षेत्र से जुड़े रेसकोर्स इलाके में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसमें POCSO एक्ट के एक आरोपी युवक दिगंबर धीमान की उसके ही तीन करीबी दोस्तों ने नशे में धुत होकर बेसबॉल बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने शव को हरिद्वार ले जाकर गायब करने की कोशिश की। फिलहाल तीनों फरार हैं, लेकिन पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रेस कर ली है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जता रही है।

मामले की शुरुआत 9 फरवरी से हुई, जब दिगंबर धीमान अपने पिता के साथ देहरादून कोर्ट में POCSO मामले में पेशी के लिए पहुंचे थे। कोर्ट रजिस्टर में उनके हस्ताक्षर दर्ज हैं, लेकिन उस दिन पेशी नहीं हो सकी। कोर्ट से निकलते समय दिगंबर ने पिता को घर भेज दिया और कहा कि वह दोस्तों के साथ जा रहा है, शाम तक लौट आएगा। लेकिन वह घर नहीं पहुंचा।
परिवार ने कई दिनों तक तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 11 फरवरी को दिगंबर के पिता ने नगर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। जांच में पता चला कि दिगंबर को उसके तीन दोस्तों ने ही रेसकोर्स के गड्ढों वाली गली में शराब पार्टी के दौरान मार डाला था।

पुलिस जांच के अनुसार चारों युवक नशे में थे। किसी छोटी-मोटी बात पर बहस शुरू हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। झगड़े के दौरान एक आरोपी ने बेसबॉल बैट से दिगंबर के सिर पर जोरदार वार किया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घबराए तीनों दोस्तों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए हरिद्वार की ओर ले जाकर छिपाने की कोशिश की। बसंत विहार थाना प्रभारी अशोक राठौड़ ने बताया है कि प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हो चुकी है। आरोपियों की लोकेशन पता चल गई है। शव बरामदगी और गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार काम कर रही है। मामले की हर एंगल से जांच जारी है और जल्द पूर्ण खुलासा किया जाएगा।