छुट्टी पर घर आए BSF के जवान की अचानक तबियत बिगड़ गई, नहीं बचाई जा सकी जान
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से एक हृदय विदारक घटना की खबर सामने आ रही है, जहां छुट्टी पर घर आए बीएसएफ के जवान सुनील का अचानक निधन हो गया। सुनील की अचानक तबीयत बिगड़ी थी। घटना के बाद से सुनील के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि सुनील का स्वास्थ्य बिगड़ने पर चार अस्पताल बदले गए, लेकिन उनकी जिंदगी को नहीं बचाया जा सका।
जानकारी के अनुसार उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज के लौका के निवासी 34 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र सोहनलाल बीएसएफ के जवान थे। जिनकी तैनाती इन दिनों पंजाब के फिरोजपुर में थी। कुछ दिन पहले सुनील अपने दो वर्षीय बेटे का स्वास्थ्य खराब होने पर उसका इलाज कराने के लिए छुट्टी लेकर घर आए थे। तभी इस दौरान सुनील की भी अचानक तबीयत खराब हो गई। जिसके चलते सुनील के परिजन उन्हें सितारगंज के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
निजी अस्पताल में उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ ।जिसके कारण उनका स्वास्थ्य और बिगड़ने लगा। सुनील की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें हायर सेंटर रेफर किया। इसके बाद परिजन उन्हें पहले रुद्रपुर लेकर गए। फिर वहां से सुनील को बरेली के निजी अस्पताल भर्ती कराया गया। वहां भी हालत में सुधार न होने के कारण सुनील को जालंधर पंजाब ले जाया गया। जहां पर बीते बुधवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सुनील की पत्नी अनामिका भी बीएसएफ में कार्यरत हैं। वहीं सुनील के तीन भाई और एक बहन है। बीते गुरुवार को सुनील के पार्थिव शरीर को अस्पताल से घर ले जाया गया, जहां पर बरेली से पहुंची बीएसएफ की टीम ने उन्हें सलामी दी। सुनील के निधन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई वहीं सुनील के परिजनों पर दुखो का पहाड़ टूट गया। ग्रामीण और परिजनों ने सैन्य दल की मौजूदगी में सुनील को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव मे नम आंखों से विदाई दी।

