कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का स्वास्थ्य खराब, सीएम धामी ने की अस्पताल में मुलाकात
देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की अचानक तबीयत खराब होने के बाद उन्हें एम्स ऋषिकेश ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जनरल मेडिसिन वार्ड में भर्ती कर उचित उपचार शुरू किया। एम्स के डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। अस्पताल सूत्रों के हवाले से आ रही मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फिलहाल उनकी सेहत स्थिर बनी हुई है और उन्हें पूरी तरह से आराम की सलाह दी गई है। चिकित्सक आश्वस्त कर रहे हैं कि उनकी हालत सामान्य है और उनका उपचार योजना के अनुसार जारी है। सूत्रों ने यह भी बताया कि मंत्री सतपाल महाराज के स्वास्थ्य पर अस्पताल की ओर से नियमित अपडेट जारी किए जाएंगे, ताकि स्थिति पर नजर बनी रहे।

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचकर कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से सतपाल महाराज के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को उनके उपचार में सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

