महिला की गुमशुदगी के मामले में मुकदमा दर्ज
चम्पावत। बीते एक पखवाड़े से अधिक समय से गुमशुदा चल रही महिला के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। गायब महिला के पति की ओर से कोतवाली पुलिस में दर्ज कराई गई गुमशुदगी को आईपीसी की धारा 365 में तब्दील कर दी गई है। जिसके बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीते छह सितंबर को छतार, पुनेठी निवासी एक महिला किसी को बताए बगैर घर से चली गई थी। परिजनों ने महिला की काफी खोजबीन की, लेकिन गायब महिला का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद गायब महिला के पति ने कोतवाली पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। एक पखवाड़े से अधिक समय से गायब महिला का कोई सुराग नहीं मिलने पर पति की ओर से दी गई गुमशुदगी को एफआईआर में तब्दील कर दिया गया है। कोतवाली पुलिस ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ धारा 365 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसआई हिमानी गहतोड़ी को मामले की जांच सौंपी गई है।
बनबसा के लापता दो लोगों का अब तक सुराग नहीं
बनबसा। क्षेत्र से लापता दो लोगों का अब तक कोई कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस और गोताखोर टीम ने नहर में संयुक्त रूप से खोजबीन अभियान चलाया, लेकिन उन्हें भी कुछ हाथ नहीं लगा। बनबसा एसओ दीवान सिंह जलाल ने बताया है कि मीना बाजार की झोपड़ पट्टी निवासी एक ही कॉलोनी के दो लोग जो कि 52 और 42 उम्र के हैं घर से काफी दिनों से लापता चल रहे हैं। इसकी जानकारी परिजनों ने बीते दिन थाने में की थी। कुछ लोगों के मुताबिक दोनों नहर की तरफ गए थे। इसी को देखते हुए उनके नहर में गिरने का अंदेशा भी जताया जा रहा है। इसी को देखते हुए जल पुलिस समेत अन्य लोगों ने करीब तीन से चार घंटे तक बुधवार और गुरुवार को खोजबीन की। इस दौरान नहर बंद रखी और लोहिया हेड पावर हाउस तक खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है। हालांकि गुमशुदा दोनों के परिजन इसे संदिग्ध मान रहे हैं।
