चंपावतजनपद चम्पावतहादसा

चम्पावत : कल हुई भारी बारिश की चपेट में आने से 27 भेड़ें मरीं, पशुपालक को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। कल बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश की चपेट में आने से एक भेड़पालक की 27 भेड़ बकरियां मर गईं। भेड़पालक मूल रूप से धारचूला के रहने वाले हैं। प्रशासन ने उन्हें मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र, चम्पावत को 09 अप्रैल 2026 की प्रातः 9:00 बजे सूचना प्राप्त हुई कि भगत सिंह चलाल पुत्र नंदन सिंह चलाल, निवासी ग्राम वाल, पोस्ट कालिका नई बस्ती, धारचूला (जनपद पिथौरागढ़) अपनी भेड़ों को टनकपुर चारागाह से अपने मूल निवास ग्राम दारमा, धारचूला ले जा रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वे 08 अप्रैल 2026 की रात्रि में मानेश्वर के बलाई गांव के जंगल क्षेत्र में ठहरे हुए थे। इसी दौरान क्षेत्र में लगातार हुई मूसलाधार वर्षा के कारण उनकी 27 भेड़ों की मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग एवं पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। पशुपालन विभाग के चिकित्सकों द्वारा मौके पर पहुंचकर मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम किया गया, जबकि राजस्व विभाग द्वारा घटना की विस्तृत जांच की गई।
जांच में यह पुष्टि हुई कि लगातार हुई वर्षा के कारण प्रतिकूल परिस्थितियों में रात्रि के दौरान 27 भेड़ों की मृत्यु हुई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार राजस्व विभाग द्वारा प्रभावित पशुपालक को नियमानुसार उचित मुआवजा प्रदान किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

Ad Ad
Ad Ad