चम्पावत: लधियाघाटी के युवक की लुधियानी में हत्या, रेस्टारेंट में करता था काम, मामूली विवाद में साथियों ने ही उतार दिया मौत के घाट
चम्पावत। पंजाब के लुधियाना में रोजी रोटी कमाने गए जनपद के लधियाघाटी क्षेत्र के एक युवा की उसके साथियों ने मामूली कहासुनी के बाद हत्या कर दी। मृतक के भाई की तहरीर पर पंजाब के पीएयू थाने में चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को मृतक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पाटी ब्लॉक के ग्राम गड्यूड़ा निवासी 26 वर्षीय विजय गिरी लुधियाना में एक रेस्टोरेंट में काम करता था। डेढ़ सप्ताह पहले ही विजय ने लुधियाना पंजाब स्थित पीएयू थाने के पास होटल में ज्वाइन किया था। विजय के साथ इस रेस्टोरेंट में बिहार और उत्तर प्रदेश के चार अन्य युवक भी काम करते थे। शनिवार रात किसी बात को लेकर विजय का इन चारों साथियों संग विवाद हो गया। मामूली कहासुनी में बिहार निवासी विकास व भरत और उत्तर प्रदेश निवासी राहुल व अरविंद ने विजय को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। पंजाब पुलिस ने बताया कि विजय के साथियों ने हत्या की बात कबूली है। पंजाब पुलिस के मुताबिक मृतक के भाई देव गिरी के तहरीर पर चारों को गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
