चम्पावत भाजपा की दो दिनी कार्यसमिति का हुआ समापन, प्रभारी मंत्री रेखा आर्य ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा

चम्पावत। जिले की प्रभारी मंत्री कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को भाजपा की जिला कार्यसमिति की बैठक में भाग लिया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बैठक के दूसरे दिन का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व वंदेमातरम के साथ हुआ। बैठक में मंत्री रेखा आर्या ने आगामी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा निर्देश दिए।


जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्य ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को लेकर पूरी तरह से मुस्तैद रहने के लिए कहा। कहा कि आगामी समय में देश में लोकसभा व प्रदेश में निकाय चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में भाजपा हर प्रकार की चुनौती का सामना करने को तैयार है। कार्यकर्ता भी इसको लेकर कमर कस लें। उन्होंने केंद्रीय बजट पर बोलते हुए कहा कि बजट किसान, मजदूर, व्यापारी, महिलाओं, उद्योगपतियों समेत सभी वर्गों को राहत देने वाला है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी। कहा कि उत्तराखंड में भाजपा वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से अब तक के प्रत्येक चुनाव में अजेय बनी हुई है। अब उनके सामने लोकसभा चुनाव हैट्रिक लगाने की चुनौती है। इसे देखते हुए सभी को अभी से तैयारियों में जुट जाने की आवश्यकता है।
कैबिनेट व प्रभारी मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सभी लोग हर व्यक्ति तक पहुंचाएं। कहा कि हमारी कोशिश है कि हम हर जरूरतमंद तक सरकार की जनउपयोगी योजनाओं को पहुंचाएं। इसके लिए हमें कार्य करना चाहिए। सरकार की योजनाओ के बारे में बताते हुए प्रभारी मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि देश आज पीएम मोदी जी के नेतृत्व में चहमुखी विकास की ओर अग्रसर है। कहा कि आज प्रदेश सीएम धामी जी के कुशल नेतृत्व लगातार तरक्की कर रहा है। संचालन जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया व पूरन सिंह माहरा ने किया। बैठक के मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट रहे। जिला कार्यसमिति में प्रदेश मंत्री हेमा जोशी, त्रिलोक गिरी, सतीश पांडेय, हरीश पांडेय, शंकर पांडेय, श्याम पांडेय, दीपक पाठक, मंडल अध्यक्ष लोहाघाट सचिन जोशी, सहित प्रदेश, जिला, मोर्चा व मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वर्तमान बजट है सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय : रेखा आर्या
भाजपा की जिला कार्यसमिति के दौरान चम्पावत जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने बजट पर बात करते हुए सर्वप्रथम प्रधानमंत्री व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद व्यक्त किया और कहा कि वर्तमान बजट सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय वाला है। इस बजट में हर व्यक्ति का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि आम बजट किसान, मजदूर, व्यापारी, महिलाओं, उद्योगपतियों समेत सभी वर्गों को राहत देने वाला है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी।

