चम्पावत : कांग्रेस ने जारी किया एक टिकट, जिपं के लिए सुनीता को बनाया अधिकृत प्रत्याशी
चम्पावत। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रदेश में कांग्रेस कितनी गंभीर है, इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चुनाव चिन्ह आवंटन होने की तैयारी हो रही है, लेकिन अब तक कांग्रेस पार्टी की ओर से जिला पंचायत चुनाव लड़ रहे कार्यकर्ताओं को टिकट/सिंबल नहीं बांट सकी है। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र वाले चम्पावत जिले में 15 सदस्यों वाली जिला पंचायत में तीन का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। अब 12 सीटों पर चुनाव होना है। अब जबकि चुनाव चिन्ह आवंटन होने की तैयारी हो गई है, लेकिन कांग्रेस अब तक केवल एक प्रत्याशी को अधिकृत कर पाई है।

कांग्रेस ने रविवार को एक सीट पर एक प्रत्याशी को पार्टी का समर्थन देने का ऐलान किया है। इसे लेकर आज 13 जुलाई को प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने पत्र जारी किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत ने बताया है कि चम्पावत जिला पंचायत के भजनपुर-बनबसा सीट से कांग्रेस ने सुनीता (कमला थापा) को पार्टी समर्थित प्रत्याशी घोषित किया है। इसे लेकर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ने पत्र जारी किया है। भजनपुर सीट से सुनीता के अलावा भाजपा समर्थित सरस्वती चंद और रेनु चंद प्रत्याशी हैं। 15 सीट वाले चम्पावत जिला पंचायत में कांग्रेस की ओर से ये पहली सीट है, जिसमें उसने समर्थित प्रत्याशी बनाया है।




