चंपावतजनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026: ‘खुशहाल किसान, समृद्ध राष्ट्र’ की थीम पर सजा तीसरा दिन

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर में संस्कृति, कृषि, पर्यटन और स्वरोजगार का सशक्त संगम, स्टार नाइट में बिखरेगी लोक कला की अनुपम छटा

टनकपुर/चम्पावत। चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 का तीसरा दिन नई ऊर्जा, उत्साह और जनभागीदारी के साथ आयोजित हुआ। शुक्रवार का दिन ‘खुशहाल किसान, समृद्ध राष्ट्र’ की थीम को समर्पित रहा, जिसमें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।

प्रातः 11:00 बजे कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं सहकारिता विषयक गोष्ठी के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। गोष्ठी में कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक खेती, जैविक उत्पादन, मूल्य संवर्धन तथा स्वरोजगार के प्रभावी मॉडल की जानकारी दी। कृषक गोष्ठी में केवीके से डॉ. आरके शर्मा एवं डॉ. अनुराधा दत्ता ने उन्नत कृषि पद्धतियों पर प्रकाश डाला। उद्यान विभाग की गुनिता जोशी (ज्योलीकोट) ने बागवानी एवं उच्च मूल्य फसलों की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। मत्स्य विभाग से डॉ. अवधेश कुमार एवं डॉ. राजेश कुमार ने मत्स्य पालन के नवीन आयाम साझा किए। पशुपालन विभाग से विजयपाल प्रजापति, प्रीति बिष्ट, जीएस राणा एवं वसुन्धरा गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

दोपहर में ऊर्जा संरक्षण विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों और सतत विकास के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। दोपहर 01:45 बजे से विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत किया। लोक नृत्य, समूह गान एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पर्यटन गतिविधियों ने भी महोत्सव को विशेष आकर्षण प्रदान किया है। डंडा ककनई में पैराग्लाइडिंग, उचौलीगोठ में हॉट एयर बैलूनिंग तथा एबॉट माउंट में बर्ड वॉचिंग जैसी गतिविधियां पर्यटकों को रोमांच और प्रकृति से जुड़ने का अनूठा अवसर दे रही हैं।

टनकपुर स्थित मेला परिसर में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल ‘Vocal for Local’ के संकल्प को साकार कर रहे हैं। स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पाद एवं ऑर्गेनिक सामग्री की भारी मांग देखने को मिल रही है, जिससे ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहन मिल रहा है। सांयकाल आयोजित होने वाली स्टार नाइट में लोक कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दर्शकों को सांस्कृतिक रंगों में सराबोर करेंगी।