चम्पावत : कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की समस्या को लेकर डीएम से मिला व्यापार मंडल
चम्पावत। चम्पावत के होटल और ढाबा संचालकों की गैस सिलेंडर से जुड़ी समस्या को लेकर व्यापार संघ अध्यक्ष विकास शाह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल में महामंत्री हरीश सट्टा और सभासद रोहित बिष्ट भी शामिल रहे।
व्यापार संघ ने जिलाधिकारी को बताया कि वर्तमान में होटल और ढाबों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कॉमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि जिस प्रकार गांवों और वार्डों में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति जिला पूर्ति अधिकारी के माध्यम से सुचारु रूप से की जा रही है, उसी प्रकार व्यवसायिक उपयोग के लिए भी कमर्शियल सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि पूरे चम्पावत जनपद में जिस तरह हर क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, उसी प्रकार जल्द ही कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भी समुचित व्यवस्था कर दी जाएगी। जिलाधिकारी मनीष कुमार के आश्वासन के बाद व्यापार संघ अध्यक्ष विकास शाह ने उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर प्रशासन तत्परता से संज्ञान लेकर उसका समाधान कर रहा है। साथ ही उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे घबराहट या पैनिक की स्थिति न बनाएं, सभी को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।


