चम्पावत : परिवहन विभाग ने चलाया दो-दिवसीय सघन चेकिंग अभियान, 215 चालान व स्कूल बस सहित दो वाहन सीज किए
चम्पावत। जनपद में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार परिवहन विभाग द्वारा दो-दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान का संचालन संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मनोज बगोरिया के नेतृत्व में किया गया, जिसके अंतर्गत चम्पावत, लोहाघाट, बाराकोट, घाट और पनार क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग की गई।
इस अभियान के दौरान कुल 215 वाहनों के चालान किए गए, 02 वाहनों को सीज़ किया गया तथा 21 चालकों के दस्तावेज़ ज़ब्त किए गए। उल्लंघनों में हेलमेट न पहनने पर 130 चालान, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने पर 50 चालान, बिना बीमा 13, बिना टैक्स 10, ओवरस्पीडिंग 08, बिना फिटनेस प्रमाणपत्र 05, बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र 06, ओवरलोडिंग 04, ट्रिपल राइडिंग 04 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग पर 02 चालान शामिल रहे।

अभियान के दौरान चम्पावत क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित विद्यालय की बस बच्चों का परिवहन करते हुए पकड़ी गई। जांच में पाया गया कि बस बिना फिटनेस प्रमाणपत्र, बिना टैक्स, बिना परमिट और बिना बीमा के संचालित हो रही थी। बच्चों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही मानते हुए बस को भारी जुर्माने के साथ कोतवाली चम्पावत में सीज़ कर दिया गया।
लोहाघाट क्षेत्र में रात्रि चेकिंग के दौरान एक चालक को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। संबंधित वाहन को कोतवाली लोहाघाट में सीज़ किया गया। इसके अतिरिक्त एआरएम लोहाघाट धीरज वर्मा के साथ संयुक्त अभियान चलाकर टैक्सी चालकों द्वारा की जा रही ओवरलोडिंग पर भी प्रभावी कार्रवाई की गई। पिथौरागढ़ जनपद से लगे सीमावर्ती क्षेत्रों घाट और पनार में एआरटीओ (प्रवर्तन) पिथौरागढ़ शिवांश कांडपाल के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों के उल्लंघन पर एक UTC बस का भी चालान किया गया।

परिवहन विभाग ने आम नागरिकों और वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी समझें। नियमों का पालन केवल दंड से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, सभी दस्तावेज अद्यतन रखें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं। इस अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मनोज बगोरिया, परिवहन उप निरीक्षक आनंद सिंह बिष्ट, परिवहन आरक्षी महेंद्र पाल, किशन कुमार आर्या एवं नीरज कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे।

