लोहाघाट में मुख्यमंत्री धामी ने कुसुम फर्त्याल को किया सम्मानित
लोहाघाट/चम्पावत। जनपद के बाराकोट विकासखंड के बंतोली गांव की कुसुम फर्त्याल ने राष्ट्रीय स्तर की यूजीसी नेट जूनियर रिसर्च फैलोशिप (JRF) परीक्षा में 99.98 परसेंटाइल अर्जित करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 5वीं रैंक प्राप्त कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। सीमांत क्षेत्र की इस प्रतिभा ने अपनी कठिन परिश्रम, लगन और संकल्प शक्ति से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जनपद और उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है। लोहाघाट स्थित रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुसुम फर्त्याल को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कुसुम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


