देवी देवताओं पर विवादित टिप्पणी मामले को लेकर ‘भगत’ पर हमलावर हुई कांग्रेस, कहा माफी मांगें विधायक

हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कालाढूंगी से बीजेपी विधायक बंशीधर भगत द्वारा हिंदू देवी देवताओं के लिए कहे गए अमर्यादित शब्दों पर अब कांग्रेस ने हमला बोला है। कांग्रेस ने बंशीधर भगत को माफी मांगने को कहा है। कांग्रेस प्रवक्ता दीपक दीपक बल्यूटिया ने कहा कि देवियों के खिलाफ दिये गए अमर्यादित बयान से लोगों में आक्रोश है। हिंदू धर्म में देवियों की पूजा मां के स्वरूप में की जाती है, इसलिए देवियों के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग निंदनीय है।
मालूम हो कि पूर्व कैबिनेट मंत्री और वर्तमान कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत बीते रोज हल्द्वानी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान बंशीधर भगत की जुबान फिसल गई और उन्होंने कहा कि बालिकाओं का हमेशा सम्मान होता है, लेकिन बालकों को भी सम्मान भी मिलना चाहिए। इस दौरान उन्होंने विवादित बोल बोलते हुए कहा कि जब विद्या मांगने की बारी आती है तो सरस्वती को पटाओ, शक्ति मांगनी हो तो दुर्गा को पटाओ, और “धन मांगो तो लक्ष्मी को पटाओ. बंशीधर के इस विवादित बोल के बाद वहां मौजूद महिलाएं और बालिकाएं हक्का-बक्का हो गईं। बंशीधर भगत की जुबान यहीं पर नहीं रुकी, उन्होंने कहा एक पुरुष भगवान शिव हैं, जो हिमालय पर जाकर ठंड में पड़े हुए हैं। ऊपर से उनके सिर पर सांप बैठा हुआ है और ऊपर से पानी बह रहा है। वहीं, भगवान विष्णु समुद्र की गहराई में छुपे हुए हैं। आपस में बेचारों की बात भी नहीं होती है। बंशीधर भगत के इस बयान के बाद उनका काफी विरोध हो रहा है।
देहरादून महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने बीजेपी विधायक बंशीधर भगत के भाषण में देवी देवताओ और महिलाओं के अपमान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि विधायक ने बालिका दिवस के दिन ऐसी छिछोरी भाषा का प्रयोग किया, उसे जो भी सुनेगा वही कड़ी निंदा करेगा। ऐसे में विधायक को इस बयान पर प्रदेश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। लालचंद शर्मा ने कहा कि ये एक शर्मनाक बात ये है कि विधायक बंशीधर भगत ने हल्द्वानी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर बच्चियों के बारे में ऐसा बोला। उन्होंने कहा कि विद्या मांगो तो सरस्वती को पटाओ, बल मांगो-शक्ति मांगो तो दुर्गा को पटाओ, मतलब दोनों ही महिलाओं को दे दिए। विद्या भी उन्हीं से मांगो, बल भी उन्हीं से मांगो और धन चाहिए तो लक्ष्मी को पटाओ। लालचंद शर्मा ने कहा कि क्या मोदीजी का बेटी बचाओ और बेटी बढ़ाओ का नारा, अब बीजेपी ने उलट कर दिया है और पटाओ शब्द इसमें जोड़ दिया है।
उन्होंने कहा कि महिला देवियों के बारे में टिप्पणी करने के साथ ही बंशीधर भगत ने देवताओं के बारे में भी अजीबोगरीब टिप्पणी की। उन्होंने देवादि देव महादेव और विष्णु भगवान को भी उन्होंने नहीं छोड़ा। भगत ने खुले मंच से कहा कि अगर कुछ पाना है तो देवियों को पटाना होगा, क्योंकि सारी शक्तियां देवियों पास ही हैं। उन्होंने कहा कि आदमी के पास है क्या, एक शिवजी हैं, वो पहाड़ में पड़े हुए हैं। लत्ते कपड़े कुछ हैं नहीं, ऊपर से गले में सांप पड़ा हुआ है, ऊपर से गंगा जी भी लेकर सिर पर घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंशीधर भगत की जुबान यहीं पर नहीं रुकी और उन्होंने कहा कि यहां तक कि भगवान विष्णु समुद्र की गहराई में छुपे हुए हैं, आपस में विचारों की बात भी नहीं होती है। दोनों बेचारों की आपस में बात भी नहीं होती। उन्होंने कहा कि खुद बीजेपी के ये विधायक पूर्व में भी विवादित बयान देते आए हैं। उन्होंने एक बार कांग्रेस की पूर्व नेता स्वर्गीय इंदिरा हृदयेश के बारे में भी विवादित टिप्पणी कर दी थी। उन्होंने इंदिरा हृदयेश को ‘बुढ़िया’ कह डाला था। यही नहीं उन्होंने चुनाव के दौरान उनका एक आडियो भी वायरल हुआ था। इसमें वह महिला के साथ अश्लील बातें करते सुनाई दे रहे थे। देहरादून महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ऐसा बीजेपी नेताओं का चरित्र है। जो महिलाओं के सम्मान की बात तो करते हैं, लेकिन अचानक उनके मुंह से मन की बात निकल जाती है। उनके इस बयान से महिलाओं के साथ ही देवी देवताओं का अपमान हुआ है। इस पर बीजेपी को देश और प्रदेश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।

