लगातार बढ़ रही महंगाई व बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में कांग्रेसी बैठे उपवास पर


चम्पावत/टनकपुर। दिनों दिन बढ़ती महंगाई और बदहाल हो चुकी स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपवास रख कर विरोध प्रदर्शन किया। चम्पावत में जिलाध्यक्ष पूरन कठायत के नेतृत्व में कांग्रेसी गांधी चौक पर उपवास रख धरने पर बैठे। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई से जनता बेहाल हो चुकी है। मोदी राज के सात साल जनता पर बहुत भारी पड़े हैं। बढ़ती महंगाई के दौर में आम लोगों के लिए गुजारा करना मुश्किल हो गया है। वहीं कोरोना काल में लचर स्वास्थ्य सेवाओं ने कई लोगों की जान ले ली है। धरना देने वालों में युवा जिलाध्यक्ष सूरज प्रहरी, कांग्रेस जिला महामंत्री विकास साह, उमेश खर्कवाल, दीपक तड़ागी लारा, मयूख चौधरी, हरीश चौधरी, हरगोविंद बोहरा आदि शामिल रहे।


टनकपुर। प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता एक घंटे उपवास पर बैठे। पार्टी कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक खर्कवाल ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह बदहाल हैं। जनता परेशान है, लोग असमय काल के ग्रास बन रहे हैं और गूंगी बहरी सरकार कान में तेल डालकर सो रही है। इस मौके पर चम्पावत के पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा, कांग्रेस नगर अध्यक्ष अनिल चौधरी पिंकी, विपिन जोशी, श्याम सिंह कार्की, जितेंद्र सिंह जीतू, देवेंद्र सिंह, जगत सिंह महर, विनोद बडेला, नीरज मिश्रा, सूरज बोहरा, संजय अग्रवाल, मनोहर नेगी, धीरज नेगी, विमल पांडेय, राजेश जोशी, नाथ सिंह नेगी, भगवान सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।

