चम्पावत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी, लोहाघाट में भी किया प्रदर्शन


चम्पावत। यूपी के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में किसानों की हत्या किए जाने के मामले को लेकर चम्पावत के कांग्रेसियों में खासा रोष जताया। धरना प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। उन्होंने गांधी प्रतिमा के पास मौन रख कर मारे गए किसानों को श्रद्धांजलि भी दी। सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत के नेतृत्व में शांत बाजार से मोटर स्टेशन स्थित गांधी मूर्ति तक मौन जुलूस निकाला। उन्होंने गांधी मूर्ति के समीप धरना देने के बाद मारे गए किसानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। जिलाध्यक्ष कठायत ने कहा कि यूपी और केंद्र केंद्र सरकार बेलगाम हो गई हैं। कहा कि दोनों ही सरकारों ने निरंकुशता की हद पार कर दी है। इसी दौरान चम्पावत के सीओ अशोक कुमार के नेतृत्व में आए पुलिस दल को गिरफ्तारी दी। सभी को कोतवाली ले जाया गया। वहां पर भी कांग्रेसियों ने नारेबाजी की और धरना दिया। गिरफ्तारी देने वालों में बीडीसी सदस्य उमेश खर्कवाल, हरगोविंद बोहरा, जगदीश अधिकारी, सूरज प्रहरी, अशोक कार्की, दीपक तड़ागी लारा, सौरभ साह, जगदीश जोशी, चिराग फर्त्याल, आशा टम्टा, तारा दत्त जोशी, हरीश चौधरी, अजय प्रहरी समेत तमाम कांग्रेसी शामिल रहे।


लोहाघाट। लखीमपुर खीरी में किसानों के साथ हुई घटना और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में लोहाघाट के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय और थाने में ज्ञापन देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की। एसडीएम कार्यालय में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने काला फीता बांधकर धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर भागीरथ भट्ट, विमला मेहरा, नवीन जोशी, नरेंद्र सिंह बोरा, उमेद सिंह मेहरा, विमला पुजारी, भागीरथी डांगी आदि मौजूद रहीं। इधर, कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्य प्रशांत वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता थाने में गिरफ्तारी देने पहुंचे। इस मौके पर भुवन चौबे, ओंकार सिंह धौनी, प्रदीप देव, पवन देव आदि मौजूद रहे।
