टनकपुर : क्रशर और खनन वाहन यूनियन में उपखनिज के रेट पर बनी सहमति
टनकपुर/चम्पावत। शारदा खनन गेट खुलने की तैयारियां तेज हो गई हैं। स्टोन क्रशर प्रबंधन और खनन वाहन यूनियन के बीच उपखनिज के रेट पर सहमति बन गई है। पिछले वर्ष की दर पर ही इस वर्ष भी क्रशर पर उपखनिज उतारा जाएगा।
रविवार को नगर के एक प्रतिष्ठान में मां शारदा खनन शक्तिमान यूनियन और क्षेत्र के दोनों स्टोन क्रशर प्रबंधन की बैठक हुई। इसमें उप खनिज के रेट पर चर्चा हुई। बैठक के बाद यूनियन के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष के रेट और वाहन के वजन पर ही सहमति बनी है। इसमें वजन 150 क्विंटल पर 50 रुपये क्विंटल की दर से खनिज क्रशर पर उतारा जाएगा। बैठक में संजू मिश्रा, अशोक मुरारी, जीडी खुल्लर, कुमाऊं स्टोन क्रशर के स्वामी अनुज अग्रवाल, शारदा स्टोन क्रशर के अमित ठाकुर समेत यूनियन के अनेक सदस्य मौजूद रहे। इधर डीएसएम मुदित आर्य ने बताया कि खनन शुरू कराने की तैयारियां जारी हैं। धर्म कांटों पर जरूरी कार्य चल रहा है जो एक-दो दिन में पूरा होते ही खनन शुरू करा दिया जाएगा।

