उत्तराखण्डनवीनतम

चुनाव ड्यूटी पर जा रहे IRB जवान की हुई मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ख़बर शेयर करें -

रेलवे स्टेशन पर बिगड़ी तबीयत, नहीं बच सकी जान

रामपुर/रामनगर। चुनाव ड्यूटी पर जा रहे इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के एक जवान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथी जवानों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने सुरक्षा बलों में शोक की लहर दौड़ा दी है।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड से आईआरबी के जवान पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। बटालियन रामपुर रेलवे स्टेशन पर चुनाव स्पेशल ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान जैसे ही ट्रेन आई और जवान चढ़ने लगे, तभी हेड कांस्टेबल तारा चंद की अचानक तबीयत बिगड़ गई।


घटना के बाद जीआरपी और अन्य पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस के जरिए उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक तौर पर इसे अचानक आई मेडिकल इमरजेंसी माना जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। तारा चंद अपने पीछे पत्नी, 17 वर्षीय बेटे और 11 वर्षीय बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार के लिए यह खबर किसी वज्रपात से कम नहीं है। उनके रिश्तेदारों के अनुसार, वह अपने परिवार के लिए एक मजबूत सहारा थे, जिनकी असमय मौत ने घर को गहरे दुख में डुबो दिया है। बताया जा रहा है कि तारा चंद उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के सिलाठी गांव के निवासी थे और वर्तमान में नैनीताल के रामनगर में तैनात थे। उनके पिता शेर सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, जिससे यह परिवार लंबे समय से देश सेवा से जुड़ा रहा है। जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है, जो मौके पर पहुंच चुके हैं।

Ad Ad