गोलीकांड से फिर दहला देहरादून, जिम से निकलते ही युवक की हत्या
देहरादून में मॉल के भीतर युवक की गोली मारकर हत्या, एक महीने में पांचवीं वारदात से दहशत, एसएसपी आवास से चंद कदम दूर गोली चलने से हड़कंप
देहरादून। उत्तराखंड में अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। प्रदेश की राजधानी देहरादून में अपराध का ग्राफ बढ़ते ही जा रहा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है बीते एक माह में ही देहरादून में 5 लोगों की जिंदगी खत्म कर दी गई हैं। आज शुक्रवार सुबह राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में जिम से बाहर निकल रहे एक युवक को सिर में गोली मार दी गई। हमलावर मौके से फरार हो गए और युवक का शव मॉल की सीढ़ियों पर पड़ा मिला। घटना स्थल एसएसपी आवास से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं वहीं पूरे क्षेत्र में दहशत फ़ैल गई है।
सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विक्रम जब जिम से बाहर आ रहे थे, तभी तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और बेहद करीब से फायर कर दिया। गोली सिर में लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई और मॉल परिसर में चीख-पुकार गूंज उठी।

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसएसपी अजय सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में हमले को सुनियोजित बताया जा रहा है। पुलिस हमलावरों की पहचान और संभावित रंजिश के एंगल पर काम कर रही है। पुलिस ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। सीमावर्ती जिलों को अलर्ट किया गया है और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वजह जल्द सामने लाई जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
आपको बता दें कि राजधानी में एक महीने के भीतर यह पांचवीं हत्या है। इससे पहले दो दिन पूर्व ही तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उससे पहले बीते दो फरवरी को दूल्हा बाजार में गुंजन हत्याकांड ने शहर को झकझोर दिया था, जिसमें आरोपी आकाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर चार्जशीट भी दाखिल कर दी। इसके अलावा विकासनगर में 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर की धारदार हथियार से हत्या और ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या जैसे मामलों ने भी कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

लगातार हो रही वारदातों से आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। व्यस्त बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। सिल्वर सिटी मॉल जैसी भीड़भाड़ वाली जगह पर दिनदहाड़े गोली चलना शहर की कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बन गया है। सवाल यह भी है- क्या राजधानी में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे सुरक्षा घेरे के बीच भी वारदात को अंजाम देने से नहीं डरते? देहरादून की सड़कों पर गूंजती गोलियों की आवाज ने शहरवासियों के मन में एक बार फिर भय का साया गहरा दिया है।
गैंगस्टर था मृतक विक्रम शर्मा, झारखंड गैंग से जुड़े तार

देहरादून। राजधानी देहरादून की शांत वादियां एक बार फिर शुक्रवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी। सिल्वर सिटी मॉल में जिम से लौट रहे स्टोर क्रशन संचालक विक्रम शर्मा की हत्या कर दी गई। एक माह के अंदर पांचवीं हत्या से देहरादून में खौफ का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया गया है कि मृतक विक्रम शर्मा गैंगस्टर था। उस पर 50 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। उस पर 30 से अधिक हत्या के मामले चल रहे थे। मामले के तार झारखंड गैंग से तार जुड़े हैं। पुलिस इस घटना को गैंगवार से जोड़ रही है। बताया जा रहा है कि करीब 10 साल पहले विक्रम शर्मा को झारखंड पुलिस गिरफ्तार करके ले गई थी। लंबे समय तक वह जेल में बंद रहा। अब वह अंडरग्राउंड रहकर धंधे कर रहा था।

