देहरादून रिटायर्ड ब्रिगेडियर मर्डर, तीन आरोपी अरेस्ट, चार पहले ही जा चुके जेल
देहरादून रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है
देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में बीते दिन सोमवार (30 मार्च) को दो पक्षों के आपसी झगड़े में हुई अंधाधुंध फायरिंग हुई थी। इस दौरान एक गोली रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को लग गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में आज पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी पुलिस चार लोगों को जेल भेज चुकी है। यानी इस मामले में अब तक कुल सात लोगों की गिरफ्तार हो चुकी है।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों का नाम आदेश गिरी, समीर चौधरी और मोहित अरोड़ा है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की जांच में सामने आया कि 29 मार्च रात को कुठालगेट के पास बार में वहां के स्टॉफ और ग्राहकों के बीच कुछ विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच बिल को लेकर कहासुनी हुई थी। यही विवाद अगले दिन यानी 30 मार्च को खूनी संघर्ष में बदल गया था।

30 मार्च को जब दोनों पक्ष आमने-सामने आए तो गाड़ियों से एक-दूसरे का पीछा करते हुए फायरिंग शुरू कर दी गई। इस दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो में बैठे युवक सफेद रंग की कार का पीछा करने लगे। ये घटना करीब सुबह 6 से 6.30 बजे के बीच की है. दोनों गाड़ियों फुल स्पीड में जोहड़ी गांव पहुंची और वहां भी स्कॉर्पियो में बैठे युवक सफेद रंग की गाड़ी पर फायरिंग कर रहे थे, तभी एक गोली अचानक से रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को लगी। रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी मॉर्निंग वाक पर निकले थे। गोली लगने से बाद रिटायर्ड ब्रिगेडियर जोशी की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया और ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। 30 मार्च को शाम को पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। चारों आरोपियों के कब्जे से पुलिस को अवैध हथियार भी बरामद हुए थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कई और नामों का भी खुलासा किया था, जिनको पकड़ने के लिए भी पुलिस ने लगातार दबिश दे रही थी। इस क्रम में आज पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों के नाम आदेश गिरी, समीर चौधरी और मोहित अरोड़ा हैं। पुलिस का कहना है कि ये सभी आरोपी घटना के दौरान मौके पर मौजूद थे। एसपी सिटी प्रमोद सिंह ने बताया कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।

