चंपावतजनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026 की तैयारियों का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लिया जायजा, 18 से 24 फरवरी तक होगा आयोजन

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जनपद चम्पावत में आयोजित होने जा रहे ‘चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026’ के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बुधवार 18 फरवरी से 24 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले इस भव्य महोत्सव के दृष्टिगत जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आयोजन स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंच निर्माण, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा विभिन्न विभागों द्वारा स्थापित किए जा रहे स्टॉलों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण की जाएं, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। महोत्सव में जनपद की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों, स्वयं सहायता समूहों, शैक्षिक एवं साहसिक गतिविधियों का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा। यह आयोजन पर्यटन संवर्धन, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा जनपद की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

जिलाधिकारी ने कहा कि महोत्सव जनसहभागिता का उत्सव है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए इसे सफल, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाएं। यह सात दिवसीय महोत्सव जनपदवासियों एवं पर्यटकों के लिए सांस्कृतिक, सामाजिक एवं साहसिक गतिविधियों से परिपूर्ण रहेगा। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, ईई लोनिवि मोहन पलड़िया, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।