चम्पावत : जनता मिलन में डीएम की त्वरित पहल, बुजुर्ग सोबन सिंह की रुकी पेंशन का मौके पर ही हुआ समाधान
चम्पावत। जन-समस्याओं के समाधान के प्रति अपनी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता दोहराते हुए सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने एक बुजुर्ग फरियादी की समस्या का तत्काल निस्तारण कराया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम बाजरीकोट निवासी सोबन सिंह ने जिलाधिकारी के सम्मुख अपनी व्यथा रखते हुए बताया कि उन्हें पिछले लगभग एक वर्ष से वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण इस सहायता के रुकने से उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जिला समाज कल्याण अधिकारी को शोभन सिंह की समस्या के कारणों की जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के कड़े रुख और सक्रियता के चलते मामले का समाधान मौके पर ही सुनिश्चित किया गया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पत्रावलियों की जांच के बाद जिलाधिकारी और फरियादी को आश्वस्त किया कि सोबन सिंह की वृद्धावस्था पेंशन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है और आगामी अप्रैल माह में पेंशन की राशि सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी जाएगी। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पेंशन, राशन और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर शिथिलता अक्षम्य होगी। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

