उत्तराखण्डक्राइमनवीनतमहरिद्वार

डॉक्टर पति पर दवा बोलकर पत्नी को जहर देने का आरोप, एक साल से थी बीमार, हॉस्पिटल में तोड़ा दम

ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में पत्नी को जहर देकर मारने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला एक साल से बीमार चल रही थी। इसीलिए पति ने महिला की हत्या कर दी। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मौ. अनीश पुत्र नियाज मौहम्मद निवासी ग्राम मरगूबपुर दीदाहेडी थाना बहादराबाद जिला हरिद्वार ने तहरीर दी थी। मौ. अनीश ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि उनकी बहन हसरूबा की शादी करीब 20 साल पहले अफजाल पुत्र मुस्लिम निवासी मिर्जापुर मुस्तुफाबाद के साथ हुई थी।


अनीश की शिकायत के अनुसार उनकी बहन हसरूबा करीब एक वर्ष से बीमार चल रही थी, जिस कारण उसका पति अफजाल ईलाज के खर्च के पैसों को लेकर तानाकशी और परेशान कर रहा था। जबकि मायके पक्ष के लोग अपनी बहन के ईलाज मे मदद कर रहे थे। अनीश ने पुलिस को बताया कि अफजाल खुद भी डाक्टर है। आरोप है कि बीती 24 जनवरी को शाम के वक्त अफजाल ने दवाई के बहाने पानी में मिलाकर सल्फास की गोली (जहर) मारने के लिये उनकी बहन को अपने हाथ से पिला दिया। उस पानी को पीने के बाद हसरूबा की हालत बिगड़ने लगी तो अफजान ने अपने छोटे भाई व बहन को ईलाज के लिये हसरूबा को सूर्यदेव मल्टी अस्पताल सान्तरशाह भेजा, जिससे कि किसी को कोई शक ना हो कि उसके द्वारा जहर पिलाया गया है।

अनीश ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि उनकी बहन हसरूबा की तबियक खराब है तो वो भी अपने परिजनों के साथ हॉस्पिटल पहुंचे। हॉस्पिटल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि हसरूबा की हालत काफी गम्भीर है। डाक्टर व अस्पताल के स्टाफ ने अनीश को बताया कि हसरूबा ने जहर पी रखा है और उसका बचना मुश्किल है।
हॉस्पिटल प्रबंधन ने भी मामले की सूचना पुलिस को दे दी थी। पुलिस ने अस्पताल स्टाफ और अन्य लोगों के सामने हसरूबा पूछा कि जहर क्यों पीया है, तो उनकी बहन ने बताया कि मुझे मेरे पति ने दवा के बहाने पानी में जहर घोलकर पिलाया है। हसरूबा की गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस ने उप जिला मजिस्ट्रेट रुड़की को बयान दर्ज कराने हेतू प्रार्थना पत्र भेजा। इसके बाद उप जिला मजिस्ट्रेट रुड़की के आदेश पर नायब तहसीलदार रुड़की हॉस्पिटल आए और उन्होंने उनकी बहन के बयान दर्ज किए।

वहीं हालत ज्यादा गंभीर होने पर डॉक्टरों ने हसरूबा को ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया। हालांकि एम्स पहुंचते ही उनकी बहन ने 25 जनवरी को दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद वो अपनी बहन का शव लेकर अपने गांव मरगूबपुर दीदाहेडी आए और शव को सुपूर्द ए खाक किया। इसके बाद वो अपने परिवार को सम्भालने में लगे रहे, जिस कारण समय पर तहरीर नहीं दे पाए थे। बहादराबाद थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।