टिहरीनवीनतमहादसा

पहाड़ में अनियंत्रित होकर डंपर खाई में गिरा, चालक समेत दो की जान गई

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसों का क्रम रुकने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर भीषण हादसा हुआ है। जिसमें दो लोगों की जान चली गई है।

टिहरी गढ़वाल जिले के लंबगांव क्षेत्र में एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चालक सहित दो लोगों की जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है। बताया गया है कि यह हादसा क्यारी गांव के पास चारगांव रोड पर हुआ। अभी तक मिल रही जानकारी के अनुसार, डंपर माजफ क्षेत्र से माल खाली कर वापस लौट रहा था। जैसे ही वाहन मंदिर के पास चढ़ाई पर पहुंचा, अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और डंपर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

Ad Ad

हादसे में डंपर चालक सूरज राठौड़ (44), निवासी बहराइच (उत्तर प्रदेश) और उसके साथ सवार गजेन्द्र सिंह रांगड़ (36), निवासी ग्राम रौणिया, गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्गम इलाके में हुए इस हादसे के बाद सबसे पहले आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। पहाड़ी क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बचाव कार्य तेजी से किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
दुर्घटनाग्रस्त डंपर (UK09CA-0639) लंबगांव निवासी अभिषेक राणा का बताया जा रहा है। वाहन को चालक सूरज राठौड़ चला रहा था, जो माल खाली कर लौट रहा था। उसके साथ गांव का ही एक युवक गजेन्द्र सिंह भी सवार था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ब्रेक फेल होना सामने आ रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

Ad Ad