उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतममौसम

उत्तराखंड में भीषण गर्मी : देहरादून में टूटा 150 साल का अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड, शुक्रवार को 43.2 डिग्री रहा टेंपरेचर, रुड़की में लू ने ढाया कहर, करीब दर्जन भर अस्पताल भर्ती

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। भीषण गर्मी ने देहरादून में 150 साल से पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान आज 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी देहरादून का मौसम इसी तरह बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतर मैदानी जिलों और पर्वतीय जिलों के कुछ क्षेत्रों में हीट वेव कंडीशन बनी रही। जिसके चलते शुक्रवार 31 तारीख को मई के महीने में देहरादून का हाईएस्ट टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार शुक्रवार को देहरादून में भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिला। देहरादून का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज किया गया है, जिसने अब तक के पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। मौसम विभाग एक जनवरी 1867 से देहरादून में टेंपरेचर काउंट कर रहा है। विभाग के निदेशक के अनुसार 43.2 डिग्री मई महीने में अब तक का अधिकतम तापमान है।

देहरादून में 31 मई को 43.1 डिग्री तापमान: पिछले साल मई में अधिकतम तापमान 43.1 दर्ज किया गया था। पिछले रिकॉर्ड को पार करते हुए शुक्रवार 31 मई को 0.1 डिग्री सेल्सियस तापमान अधिक दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आज यानि शनिवार को भी अधिकतर मैदानी जिलों में हीट वेव कंडीशन के आसार बने हुए हैं। हालांकि राहत की बात है कि आज पर्वतीय जिलों के कुछ क्षेत्रों में रेन थंडरस्टॉर्म एक्टिविटी का अनुमान है। मौसम विभाग के निदेशक ने बताया कि आगे भी प्रदेश का मौसम इसी तरह बना रहेगा। हालांकि आज के बाद हीट वेव कंडीशन से थोड़ा राहत मिलने की संभावना है। वहीं मौसम विभाग ने लोगों को भीषण गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए एहतियात बरतने की सलाह दी है।

गर्मी का आलम ये है कि आज शनिवार सुबह ही देहरादून का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा है। मसूरी में आज सुबह अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। नैनीताल में आज सुबह अधिकतम तापमान 30 डिग्री है। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में आज सुबह अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस है। गंगोत्री में आज सुबह का अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस है। यमुनोत्री में सुबह का अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस है।

रुड़की में लू ने ढाया कहर, करीब दर्जन भर अस्पताल भर्ती

हरिद्वार के रुड़की में हीट वेव (Heat wave) ने कहर ढाना शुरू कर दिया है। जबरदस्त गर्मी के चलते लू लगने से करीब दर्जन भर लोग अस्पताल भर्ती किए गए हैं, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं। देहरादून व हरिद्वार जनपद में बीते कई दिनों से जबरदस्त गर्मी पड़ रही है। रुड़की की बात करें तो यहां हीट वेव की चपेट में लगातार बहुत से लोग आ रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में लू लगने से लोगों के भर्ती होने का सिलसिला शुरू हो चुका है। वहीं बीती रोज पांच बच्चों समेत 11 लोगों को सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया। साथ ही ओपीडी में भी कई मरीज ऐसे आए हैं जिनमें लू लगने के लक्षण मिले हैं। उनको दवा देने के साथ ही विशेष सावधानी बरतने की डॉक्टरों ने सलाह दी है। गर्मी ने इस बार कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
सिविल अस्पताल रुड़की के सीएमएस डॉक्टर संजय कंसल ने बताया कि बीती रोज तकरीबन चालीस से पचास बच्चे अस्पताल में चेकअप के लिए आए थे, जिनमें से दस बच्चों में लू के लक्षण मिले थे। जिन्हें भर्ती करने की सलाह दी गई थी। जिनमें से 05 बच्चों को परिजनों ने भर्ती किया था। साथ ही इमरजेंसी में भी लू से प्रभावित बहुत से मरीज आ रहे हैं, जिन्हें भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। चिकित्सक ने बताया कि अधिकांश को उल्टी, पेट दर्द, दस्त, थकान, बुखार आदि की शिकायत है। साथ ही उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी और लू चलने के कारण अलर्ट जारी किया गया है। अस्पताल में भी सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि मरीजों को बेहतर उपचार दिया जाए और अस्पताल में सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने आमजन से अपील करी है कि गर्मी के बढ़ते प्रकोप को लेकर आवश्यक काम न होने पर दोपहर के बाद शाम तक घरों से न निकले और पानी का सेवन ज्यादा करें जिससे लू से बचाव हो सके।

Ad