उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

देहरादून में बाढ़-बारिश का कहर, अब तक 13 लोगों के शव बरामद, कई लोग अभी भी लापता

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। राजधानी देहरादून में बीती रात से हो रही बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। बारिश के कारण इस बार देहरादून जिले में जानमाल का काफी नुकसान हुआ है। जैसे-जैसे नदियों को पानी उतर रहा है, तबाही का मंजर भी साफ दिख रहा है। देहरादून पुलिस-प्रशासन के अनुसार रात से लेकर भी बाढ़ और बारिश में 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनके शव पुलिस ने बरामद किए हैं। ये आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। क्योंकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को टोंस नदी के बीच में ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार कई मजदूर फंस गए थे। सभी मजदूर पानी के तेज बहाव में बह गए थे। इस हादसे में पुलिस को अभी तक आठ लोगों के शव मिले हैं। मरने वालों में चार महिलाएं और चार पुरुष हैं। इसके अलावा भी अलग-अलग क्षेत्रों पांच लोग के शव बरामद हुए हैं।

इसी तरह DIT कॉलेज के पास दीवार गिरने से छात्र के लापता होने की सूचना थी। जिसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। एसडीआरएफ को छात्र का शव मिल चुका है। इसके बाद सहस्त्रधारा में तीन लोगों के बहाने की सूचना थी, जिनके शव भी मिल गए हैं। वहीं एक मजदूर की मौत बारिश के कारण मसूरी में भी हुई है।

देहरादून पुलिस के अनुसार जिले में अभी तक कुल 13 लोगों के शव मिले हैं। वहीं अभी भी कई जगहों से लोगों के लापता होने की खबरें हैं, जिनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। बारिश के कारण सबसे ज्यादा नुकसान मालदेवता और सहस्त्रधारा क्षेत्र में हुआ। यहां पर नदियों ने भयंकर तबाही मचाई है।

इसके अलावा शहर के बीचों-बीच से बहने वाली रिस्पना और बिंदाल नदी भी उफान पर है। नदी के आसपास बने घर खतरे की जद में हैं। बारिश के कारण देहरादून-हरिद्वार हाईवे भी नेपाली फार्म और डोईवाला के बीच क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके अलावा ऋषिकेश में भी इसी तरह के हालत बने हुए हैं। यहां भी गंगा और अन्य बरसाती नदियों का पानी लोगों के घरों में घुस गया है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी देहरादून शहर और आसपास के आपदा ग्रस्त इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए। वहीं आपदा की इस घड़ी में पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की। दोनों ने सीएम धामी को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।