उत्तराखण्ड

कुमाऊं में 24 घंटे में चार लोग बहे, दो शव बरामद, महिला व किशोर लापता

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में नदी और झरनों में नहाना और मस्ती करना अब खतरे से खाली नहीं। गढ़वाल मंडल में तमाम मामले सामने आने के बाद अब कुमाऊँ मंडल में 24 घंटे के भीतर चार लोग पानी में डूब गए। दो शव बरामद कर लिए गए हैं। एक बालक और महिला का अभी तक पता नहीं चला है। मिली जानकारी के मुताबिक बागेश्‍वर जिले के कपकोट हाइडिल के समीप सरयू नदी किनारे कुछ बच्चे घूम रहे थे। उनका नहाने का मन हुआ और वह नदी में उतर गए। देखते ही देखते दो बच्चे बह गए। आसपास के लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस, राजस्व, फायर, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन की टीम घटना स्थल पहुंच गई। उनकी खोजबीन शुरू कर दी गई। सरयू नदी को कपकोट से लेकर बागेश्वर तक खंगाला जाने लगा। लगभग दो बजे एसडीआरएफ की टीम ने एक शव को रेस्क्यू कर लिया है जबकि दूसरे की खोजबीन जारी है। थानाध्यक्ष कपकोट मदन लाल ने बताया कि भयूं गांव निवासी मोहित दस वर्ष का शव बरामद कर लिया गया है। जबकि उसके साथी छह वर्षीय सुमित पुत्र प्रकाश राम का अभी पता नहीं चल सका है। उधर, पिथौरागढ़ जिले के धारचूला तहसील में आपदा प्रभावित क्षेत्र तल्ला दारमा के उमचिया गांव के तीजम गांव निवासी जोज्ञानी देवी पत्नी सुंदर राम शनिवार की सायं तीजम से वतन गांव को जा रही थी। नाले में बनी अस्थाई पुलिया को पार करते समय पैर फिसल जाने से वह नाले में गिर कर बह गई। महिला मे नाले में बहते ही गांव के ग्रामीण महिला के बचाव के लिए पहुंचे। उफान पर आए नाले में ग्रामीणों ने खोज एवं बचाव का कार्य चलाया परंतु महिला का पता नहीं चल सका। रविवार सुबह ग्रामीणों ने माध्यम से यह सूचना उपजिलाधिकारी धारचूला को दी गई। एसडीएम से तत्काल बचाव दल भेजने का अनुरोध किया गया। तहसील मुख्यालय से राजस्व एवं एसडीआरएफ की टीम भेज दी गई है। तवाघाट- सोबला मार्ग बंद होने से तवघाट से पैदल ही गांव पहुंचा जा सकता है। महिला का अभी तक पता नहीं चल सका है। कल, हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग अपने ससुराल आए यशवंत बिष्ट की ताल में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हल्द्वानी तीनपानी निवासी यशवंत बिष्ट उम्र 30 वर्ष अपने ससुराल डिग्री कालेज बेरीनाग आया था। शनिवार को नगर से 6 किमी दूर कालीताल पत्नी के साथ स्कूटी से घूमने गया था। 5 बजे शाम अचानक युवक नहाते समय ताल में डूब गया। जिसकी सूचना लोगों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े भूपेन्द्र कार्की ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डां सिद्धार्थ पाटनी ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी।

Ad