चम्पावत : दीवान सिंह लडवाल स्टेडियम में हुआ बालिकाओं मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच, स्टेडियम की टीम बनी विजेता

चम्पावत। सीमांत जनपद चम्पावत के खेल इतिहास में रविवार को महाशिवरात्रि के शुभम दिन पर एक नया अध्याय जुड़ गया। नगर के स्वर्गीय दीवान सिंह लडवाल स्टेडियम में पहली बार बालिकाओं के लिए एक मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच का सफल आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक मुकाबले में चम्पावत स्टेडियम और जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) चम्पावत की बालिकाओं ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
दोपहर 12:30 बजे शुरू हुए इस रोमांचक मैच में चम्पावत स्टेडियम की टीम ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और 6-1 के बड़े अंतर से जीत हासिल की। खेल के प्रति बालिकाओं का उत्साह देखते ही बनता था, जिसने दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि चम्पावत की ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा और नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा ने कहा कि बेटियों को खेल के मैदान में उतरते देखना गर्व की बात है। वहीं पालिका अध्यक्ष प्रेम पांडेय ने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर लडवाल फाउंडेशन के अध्यक्ष नरेंद्र लडवाल द्वारा बताया गया कि यह स्टेडियम उनके पिता के याद में बनाया गया है और इसमें अनेक प्रतिभाओं के लिए यह एक मौका है कि जनपद की बच्चे फुटबॉल के क्षेत्र में आगे नाम कर सके उन्होंने उन सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। जिन लोगों ने इस स्टेडियम को बनाने में उनका सहयोग दिया।

इस अवसर पर डॉ. भुव चंद्र जोशी, अमरनाथ वर्मा, महेंद्र सिंह बोहरा, श्याम कार्की, राकेश बोहरा, विकास साह, विजय चौधरी सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मैच का आंखों देखा हाल अशोक वर्मा और नीरज जोशी ने सुनाया। इस सफल आयोजन के बाद अब खेल प्रेमियों की नजरें 17 और 18 फरवरी को होने वाली ‘कुमाऊं प्रीमियर लीग’ पर टिकी हैं। इस लीग में बालकों की 6 टीमें अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाएंगी, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। मैच को सफल बनाने में प्रदीप बोहरा, महेश ढेक, दीपक कन्याल, मुकेश टम्टा, मुकेश वर्मा, अमित वर्मा, नीरज जोशी, मुन्ना राय, रोहित बिष्ट, प्रदीप भट्ट का विशेष सहयोग रहा। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे जनपद में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।


