चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर : शारदा घाट में चैत्र नवरात्र के 9 दिनों तक हर शाम होगी भव्य गंगा आरती

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। नगर पालिका परिषद टनकपुर की ओर से शारदा घाट में चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। गंगा आरती का आयोजन नवरात्र में प्रत्येक शाम को किया जाएगा। गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा एवं अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल द्वारा गंगा आरती कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिसमें स्थानीय लोगों एवं मां पूर्णागिरि धाम में दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं हिस्सा लिया।

ईओ ऋषभ उनियाल ने बताया आज चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर 101 दीप प्रज्वलित कर पूरे घाट को भक्ति, आस्था एवं दिव्यता के अद्भुत प्रकाश से आलोकित किया गया। आरती उपरांत श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की सुव्यवस्थित व्यवस्था भी नगर पालिका द्वारा की गई। यह समस्त व्यवस्थाएं पूरे नौ दिनों तक निरंतर जारी रहेंगी। जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में मां के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो सके। बताया गया कि पालिका की ओर से शारदा घाट पर प्रतिदिन विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिससे घाट क्षेत्र स्वच्छ एवं आकर्षक बना रहे। साथ ही सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए घाट के दोनों ओर जल पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। घाट क्षेत्र के चारों ओर आवारा पशुओं की रोकथाम हेतु बांस की मजबूत बैरिकेडिंग की गई है तथा श्रद्धालुओं को नदी के दूसरी ओर जाने से रोकने के लिए पुलिस चौकी के आसपास भी समुचित बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।

Ad Ad


पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा ने बताया कि माँ पूर्णागिरी मेले एवं नवरात्र के इस पावन अवसर पर हमारी प्राथमिकता है कि प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। नगर पालिका द्वारा निरंतर सफाई, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। हम सभी श्रद्धालुओं से अपील करते हैं कि स्वच्छता बनाए रखें एवं प्रशासन का सहयोग करें, जिससे टनकपुर एक आदर्श धार्मिक स्थल के रूप में अपनी पहचान बनाए रखे। इस अवसर पर सभासद दिनेश कुमार, वरिष्ठ लिपिक बसंत राज चंद, विनोद बिष्ट, अनुराधा, केपीएस इंचार्ज शिवम, प्रकाश नेगी, अर्जुन, प्रिया बिष्ट, हेमंत टंडन आदि मौजूद रहे।

Ad Ad