हल्द्वानी : जानें किसने तोड़ी भक्त प्रह्लाद की मूर्ति, पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपी को किया गिरफ्तार
हल्द्वानी। भक्त प्रह्लाद की मूर्ति मजदूर से टेंट उतारने के दौरान टूट गई थी। पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पूर्व मंगलवार सुबह हिंदूवादी संगठन के लोगों होली ग्राउंड के सामने हनुमान चालीस का पाठ किया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद लोगों ने धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया।
सोमवार रात हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोगों ने विशेष समुदाय पर भक्त प्रह्लाद की मूर्ति तोड़ने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था। इस दौरान होली ग्राउंड के पास लगने वाले ठेलों को हटा दिया था। साथ ही कुछ ठेलों को पलट भी दिया था। रात में दोनों समुदायों के लोगों के आमने-सामने आने से तनाव का स्थिति बन गई थी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 12 घंटे मांगे थे। इसके बाद हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोग शांत हो गए।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 12 घंटे से पहले खुलासा करते हुए मामले का पटाक्षेप कर दिया। सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि बिहार के दरभंगा निवासी सोनू कुमार यादव हल्द्वानी में टेंट कारोबारी के यहां मजदूरी करता है। होली मैदान में तीन दिन पहले कार्यक्रम था। यहां सोनू ने टेंट लगाया गया था। दो दिन पहले उसने होली मैदान से टेंट उतारा। इस दौरान बांस का डंडे लगने से भक्त प्रह्लाद की मूर्ति गिरकर खंडित हो गई। डर के कारण सोनू ने मामले की जानकारी अन्य लोगों को न देकर मैदान के कोने में खंडित मूर्ति रख दी। सोमवार को यह मूर्ति लोगों ने देखी। कहा कि युवक ने अपनी गलती स्वीकारी है। कहा कि उसे थाने में बैठाया गया है।
पुलिस ने रात में ही अपनी ओर से दर्ज कराया मुकदमा
हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों के आक्रोश को देखकर पुलिस ने सोमवार रात मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। यह मुकदमा एसएसआई की ओर से दर्ज कराया गया। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
