हल्द्वानी के दोहरे हत्याकांड का खुलासा : शराब पीने के बाद हुई छेड़छाड़ और विवाद, चार आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी। हल्द्वानी में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। यह घटना शराब पीने के दौरान छेड़छाड़ के दौरान हुई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी ने इसका खुलासा किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के मुताबिक आज प्रातः पुलिस कंट्रोल रूम को हल्द्वानी बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक तथा एक युवती के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, डॉग स्क्वॉड तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण व भौतिक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। प्रथम दृष्टिया पत्थर से कुचलकर हत्या का मामला होना प्रकाश में आया। मामले की गम्भीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ0 मंजुनाथ टीसी ने तत्काल घटनास्थल में जाकर हत्या के सभी पहलुओं एवं साक्ष्यों का बारीकी से अध्ययन किया तथा विशेष टीम गठित कर घटना के त्वरित अनावरण के निर्देश दिए गए।

मृतकों से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर उनके परिजनों से सम्पर्क कर शिनाख्त की कार्यवाही के दौरान मृतकों की पहचान शुभम टम्टा पुत्र किशोरी लाल टम्टा निवासी तल्ला खोल्टा अल्मोड़ा तथा लक्ष्मी पोखरिया पुत्री हेम चन्द्र पोखरिया निवासी ग्राम मल्ली पोखरी ओखलकांडा नैनीताल के रूप में हुई। मृतका के परिजन सुरेश चन्द्र पोखरिया निवासी ओछलकांडा की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में धारा 103 (1) BNS के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र एवं पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा घटना के विभिन्न पहलुओं, भौतिक साक्ष्य के आधार पर सीसीटीवी सर्विलांस, मैनुअल इंटेलिजेंस तथा सुरागरसी पतारसी के आधार पर सनसनीखेज हत्याकांड में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे सभी साथ में बैठकर शराब पी रहे थे, इसी दौरान आरोपी लक्ष्मी के साथ छेड़खानी करने लगे जिस पर शुभम तथा लक्ष्मी ने विरोध किया। आपसी लड़ाई झगड़े में उन्होने शुभम की हत्या कर दी। घटना को छिपाने के उद्देश्य से आरोपियो ने लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया तथा पहचान छिपाने के लिए दोनों के सिर पत्थर से कुचल दिए।

गिरफ्तार अभियुक्त गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर पुत्र स्व0 उमेश सिंह निवासी वसुंधरा कॉलोनी बरेली रोड धानमिल हल्द्वानी उम्र 25 वर्ष, सौरभ भट्ट उर्फ भटिया पुत्र विनोद चन्द्र भट्ट निवासी तीनपानी खन्ना फार्म डी क्लास बरेली रोड हल्द्वानी उम्र 20 वर्ष, दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव पुत्र स्व0 नन्हू लाल शर्मा निवासी वसुंधरा कॉलोनी बरेली रोड धानमिल हल्द्वानी उम्र 20 वर्ष, दीपेश लटवाल उर्फ राज पुत्र बहादुर सिंह लटवाल निवासी उत्तरांचल विहार बड़ी मुखानी पीलीकोठी हल्द्वानी उम्र 25 वर्ष शामिल हैं। इनके पास से हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाईल फोन, गौरव तथा दीपू शर्मा के खून से सने हुए कपड़े बरामद किए गए। गौरव नेगी उर्फ अक्कु ठाकुर पुत्र स्व० उमेश सिंह नि० वसुन्धरा कालोनी धान मिल टीपीनगर हल्द्वानी एक आदतन अपराधी है। जिसके विरूद्ध कोतवाली हल्द्वानी में पूर्व में 11 अभियोग दर्ज हैं। अभियुक्त दीपेश लटवाल के विरूद्ध थाना मुखानी में तीन अभियोग दर्ज है। एसएसपी डॉ.मन्जूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को 2500 रुपये नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की। साथ ही कड़ा संदेश देते हुए कहा कि इस तरह के जघन्य अपराध करने वालों की समाज में कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, ऐसे लोगों के विरुद्ध पुलिस द्वारा कठोरतम कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस टीम में विजय मेहता प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह सागर कोतवाली हल्द्वानी, जगदीप नेगी थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर, उप निरीक्षक प्रेम राम विश्वकर्मा प्रभारी चौकी मंडी, उप निरीक्षक कृपाल सिंह प्रभारी चौकी हीरानगर, उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार प्रभारी चौकी मालधनचौड़, उप निरीक्षक आरती कोतवाली हल्द्वानी, हेड इशरार नबी सीसीटीवी, त्रिलोक बिष्ट कोतवाली लालकुआं, कुंदन कठायत पुलिस लाईन, राहुल सिंह राणा कोतवाली हल्द्वानी, धीरेन्द्र सिंह अधिकारी कोतवाली हल्द्वानी, भानु प्रताप ओली थाना काठगोदाम, रोहित टम्टा थाना मुखानी, अशोक रावत थाना काठगोदाम, अनिल गिरी कोतवाली हल्द्वानी, अनिल टम्टा कोतवाली हल्द्वानीबलवंत सिंह एएनटीएफ शामिल थे।

