बाइक और बस की जोरदार टक्कर, दो स्कूली छात्रों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर घायल
रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में हुए भीषण सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई। हादसा पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। जिसने दुर्घटना की भयावहता को दिखाया। हादसा देहरादून-रुड़की मार्ग पर हुआ है। हादसे में तीन स्कूली छात्र रोडवेज बस की चपेट में आ गए, जिनमें से दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक छात्र जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
दरअसल, रुड़की में गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के देहरादून-रुड़की मार्ग पर स्थित रामपुर गांव में 15 अक्टूबर बुधवार की दोपहर उस समय सड़क हादसा हुआ, जब तीन स्कूली छात्र अपनी बाइक से स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर लौट रहे थे। तीनों छात्र बीएसएम इंटर कॉलेज में पढ़ते थे। बताया गया है कि जैसे वह रामपुर गांव में पहुंचे तो उन्होंने एक टेंपो को ओवरटेक किया। इस दौरान सामने से आ रही देहरादून डिपो की रोडवेज बस से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि छात्रों की बाइक हवा में उछल गई और तीनों छात्र सड़क पर गिर गए।
वहीं स्थानीय लोगों के पहुंचने से पहले ही एक छात्र की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन इसी बीच दूसरे छात्र ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं डॉक्टरों के मुताबिक तीसरे घायल छात्र की हालत भी गंभीर बनी हुई है, जिसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। उधर हादसे की जानकारी मिलते ही छात्रों के परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे, जहां पर अपने बच्चों के शव देखकर परिजनों का सब्र टूट गया और वहां कोहराम मच गया।
पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतकों के नाम 16 वर्षीय तेलूराम उर्फ सूरज पुत्र गुलाब सिंह निवासी सालियर सहलापुर कोतवाली गंगनहर, 17 वर्षीय अमित पुत्र रिंकू निवासी नन्हेड़ा अनन्तपुर थाना भगवानपुर बताया गया है। वहीं घायल का नाम 17 वर्षीय सोनी पुत्र सुनील निवासी नन्हेड़ा अनन्तपुर भगवानपुर बताया गया है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया है कि एक बाइक पर तीन युवक सवार थे, जो उत्तराखंड रोडवेज बस की चपेट में आ गए। जिनमें से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। दोनों वाहनों को कब्जे में लिया गया है. आगे की कार्रवाई जारी है।

