देशनवीनतमहादसा

हिमाचल किन्नौर खाई में गिरी कार, एक ही गांव के 4 की गई जिंदगी

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड के पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। जहां किन्नौर जिला में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। बताया गया है कि भावानगर उपमंडल के जानी संपर्क मार्ग पर हुई इस दुर्घटना में एक ही गांव के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार छोल्टू अस्पताल में जारी है।

पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना सुबह करीब सात बजे उस समय हुई जब टापरी से जानी की ओर जा रही एक कार (एचपी 26 बी 8999) अचानक अनियंत्रित होकर संपर्क मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। हादसा इतना भयावह था कि चार यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान हिमेश कुमार (19) पुत्र नरेश कुमार निवासी जानी निचार, कृष्णा (42) पत्नी नरेश कुमार, सुषमा (47) पत्नी रोशन लाल निवासी ग्रांगे निचार और इंद्र लाल (30) पुत्र हरि लाल निवासी जानी के रूप में हुई है। वहीं, विद्या कृष्ण (32) पुत्र हरि लाल निवासी जानी घायल हुए हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी टापरी भेजे गए हैं। प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं । कार्यवाहक एसपी एवं डीएसपी भावानगर राजकुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। एक ही हादसे में चार जिंदगियों के बुझ जाने से जानी और आसपास के गांवों में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय लोग स्तब्ध हैं और प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।