जनसुनवाई का असर: लोहाघाट में खतरनाक विद्युत पोल हटाने की कार्रवाई शुरू
चम्पावत। जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार लोहाघाट नगर क्षेत्र में उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा जर्जर विद्युत पोलों को तत्काल बदलने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
ईई विद्युत विजय सकारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर क्षेत्र में चिन्हित पुराने एवं क्षतिग्रस्त पोलों को चरणबद्ध तरीके से बदला जा रहा है। उन्होंने बताया कि पोल बदलने एवं नई लाइन खींचने के दौरान संबंधित क्षेत्रों में लगभग 1 से 2 घंटे तक विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित हो सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विभागीय टीम को सहयोग प्रदान करें, ताकि कार्य सुरक्षित और शीघ्र पूर्ण हो सके।
उन्होंने यह भी बताया कि नगर क्षेत्र में जहां विद्युत लाइनें खुली अवस्था में हैं, वहाँ शीघ्र ही बंच केबल लगाने का कार्य भी शुरू किया जाएगा। इससे न केवल विद्युत आपूर्ति अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होगी, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

