चंपावतटनकपुरनवीनतम

नगर पालिका परिषद टनकपुर की बोर्ड बैठक में महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। नगर पालिका परिषद टनकपुर की बोर्ड बैठक का आयोजन अध्यक्ष विपिन कुमार की अध्यक्षता में तथा अधिशासी अधिकारी दीपक चन्द बुढ़लाकोटी के संचालन में किया गया।

बैठक में नगर के विकास एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने हेतु कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। जिनमें नवसम्मिलित क्षेत्रों में व्यवसायिक भवनों का सर्वे तथा अन्य वार्डों में आउटसोर्स माध्यम से पंचवर्षीय गृहकर निर्धारण हेतु सर्वे कार्य करने का प्रस्ताव, नगर पालिका परिषद टनकपुर में कर निरीक्षक एवं सफाई निरीक्षक की नियुक्ति हेतु शासन एवं मुख्यमंत्री को अनुरोध पत्र प्रेषित किए जाने का प्रस्ताव, नगर पालिका परिषद टनकपुर की वर्ष 2024–25 की बैलेंस शीट तैयार किए जाने का प्रस्ताव, वर्षों से लंबित लिगैसी वेस्ट के निस्तारण हेतु निविदा प्रक्रिया प्रारंभ करने तथा इस कार्य की स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित करने का प्रस्ताव, नगर पालिका परिषद टनकपुर को श्रेणी-सी से श्रेणी-बी में रखे जाने हेतु शासन एवं मुख्यमंत्री को अनुरोध पत्र भेजे जाने का प्रस्ताव, नेहरू मार्ग एवं पंत मार्ग के फुटपाथों पर चयनित वैण्डिंग ज़ोन को जनआक्रोश के कारण स्थानांतरित करते हुए तथा मंडी समिति के स्थान को शहर से दूर पाए जाने पर, पूर्व में वैण्डिंग कमेटी द्वारा चयनित स्थान सीमेंट रोड स्थित वन विभाग तराई पूर्वी की रिक्त भूमि पर वैण्डिंग ज़ोन विकसित करने हेतु शासन/प्रशासन को प्रस्ताव भेजने का निर्णय, नगर क्षेत्र में निर्मित नवीन पार्किंग के संचालन हेतु पालिका के अवर अभियंता द्वारा तकनीकी जाँच पश्चात निविदा प्रक्रिया प्रारंभ करने का प्रस्ताव पारित हुए।

इसके अतिरिक्त राज्य वित्त आयोग एवं 15वें वित्त आयोग की अवशेष धनराशि से आवश्यकता अनुसार पानी टैंकर, मोबाइल टॉयलेट, कीटनाशक दवाइयों आदि की खरीद किए जाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। बैठक में सदस्यगण दिनेश कुमार, हसीब अहमद, दिलदार अली, वकील अहमद, वर्षा शर्मा, सव्या बाल्मीकी, चर्चित शर्मा, आशा भट्ट, बबीता वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, सविता बिष्ट सहित पालिका के अवर अभियंता लक्ष्मण सिंह बोहरा, वरिष्ठ सहायक विनोद चन्द्र बिष्ट, एवं वरिष्ठ लिपिक बसन्त राज चन्द उपस्थित रहे।